हिमाचलियों की एकजुटता के लिए वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन का अभियान तेज कई संस्थाओं ने दिया समर्थन, कहा– समाजहित में निभाएंगे सक्रिय भूमिका

चंडीगढ़, (मीडिया जंक्शन-/विक्रांत शर्मा):- हिमाचलियों की एकजुटता और उनके हितों को लेकर वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन ने युद्धस्तर पर अपना अभियान शुरू कर दिया है। संस्था का उद्देश्य हिमाचल से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं को एक मंच पर लाकर आपसी सामंजस्य और तालमेल के साथ समाजहित कार्यों को आगे बढ़ाना है। इसी कड़ी में रविवार को संस्था के वाइस चेयरमैन रविंद्र पठानिया और महामंत्री सुरेश राणा ने पंजाब के खरड़ स्थित हिमाचली जनहित महासभा के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर समर्थन की अपील की।

बैठक में महासभा के अध्यक्ष जगदेव पटियाल और महामंत्री पृथ्वी राज शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारियों ने वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन के रोडमैप को सराहनीय कदम बताते हुए पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था हिमाचलियों के हितों में होने वाले हर कार्य में सक्रिय भूमिका निभाएगी और वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी।

इससे पूर्व संस्था के अध्यक्ष अमित राणा ने दिल्ली स्थित पालमपुर सुधार सभा के अध्यक्ष विजय डोगरा और हिमाचल कल्याण सभा के सचिव राजिंदर ठाकुर से भी भेंट कर समर्थन मांगा था, जिसे दोनों संस्थाओं ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।

संस्था के वाइस चेयरमैन पठानिया ने समर्थन देने वाली संस्थाओं का आभार जताते हुए कहा कि किसी भी कार्य की सफलता सामूहिक सहयोग पर निर्भर करती है। जब सभी संस्थाएं एकजुट होकर किसी उद्देश्य के लिए खड़ी होंगी, तो उसके परिणाम सार्थक होंगे और समस्त हिमाचली समाज को लाभ मिलेगा।

संस्था की चेयरपर्सन आशा जसवाल और अध्यक्ष अमित राणा ने भी इस पहल को भाईचारे को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार संस्थाओं से सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं, वह दिन दूर नहीं जब सभी हिमाचली संस्थाएं एक छाते के नीचे एकजुट होकर समाजहित कार्यों को आगे बढ़ाएंगी।

इस मौके पर हिमाचली जनहित महासभा पंजाब से प्रवेश भारती, शाम लाल शास्त्री, कुलदीप शर्मा, अरुण कुमार शर्मा, राम गोपाल, राजिंदर कुमार, प्रेम चंद, कुलदीप चंदेल, संदीप, कपिल, भीम सिंह, राजिंदर शर्मा, सुनील चौहान और कश्मीर सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

– -फोटो – रोशन शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *