चंडीगढ़(मीडिया जंक्शन- विक्रांत):- शहर के कमर्शियल एरियाज में लंबे समय से लंबित डोर टू डोर गार्बेज कलेक्टर्स की समस्याओं का समाधान साकार हुआ, जब म्युनिसिपल कॉरपोरेशन चंडीगढ़ और डोर टू डोर गार्बेज कलेक्टर्स के बीच एमओयू (समझौता ज्ञापन) साइन किया गया। इस महत्वपूर्ण पहल के पीछे भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा की सक्रिय भूमिका और निरंतर प्रयासों को निर्णायक माना जा रहा है।
डोर टू डोर गार्बेज कलेक्टर्स ने विशेष रूप से भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहल, समन्वय और सकारात्मक हस्तक्षेप के कारण ही यह कार्य संभव हो पाया है। कमर्शियल एरियाज में कार्यरत कलेक्टर्स को कई प्रशासनिक और व्यावहारिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था। प्रदेश अध्यक्ष ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संवाद स्थापित किया और समाधान सुनिश्चित करवाया।
डोर टू डोर गार्बेज कलेक्टर्स कमर्शियल एरियाज की अध्यक्ष सोनिया अमित अटवाल ने कहा कि यह एमओयू संगठन के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने पुष्प गुच्छ भेंट कर प्रदेश अध्यक्ष का धन्यवाद किया और कहा कि उनके प्रयासों से गार्बेज कलेक्टर्स को व्यवस्थित ढांचा, स्पष्ट दिशा-निर्देश और कार्य में स्थिरता मिली है।
इस अवसर पर शमशेर सिंह लोटिया, राजकुमार काला, कविता सत्य साहिल तथा महेंद्र सहित अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह समझौता कमर्शियल एरियाज में स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाएगा।
डोर टू डोर गार्बेज कलेक्टर्स ने इस अवसर पर पार्षद मनोज सोनकर एवं एससी मोर्चा के प्रधान अमित खेरवाल का भी विशेष धन्यवाद किया और कहा कि उनके सहयोग और समर्थन से संगठन को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सकारात्मक सहयोग से ही इस प्रकार के जनहितकारी निर्णय संभव हो पाते हैं।
जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में डोर टू डोर गार्बेज कलेक्टर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह एमओयू केवल एक प्रशासनिक समझौता नहीं, बल्कि मेहनतकश कलेक्टर्स के सम्मान और अधिकारों की दिशा में उठाया गया ठोस कदम है।
यह समझौता कमर्शियल एरियाज में नियमित एवं सुव्यवस्थित कचरा संग्रहण व्यवस्था सुनिश्चित करेगा और चंडीगढ़ को स्वच्छ एवं आदर्श शहर बनाने की दिशा में नई गति प्रदान करेगा।
*जितेंद्र पाल मल्होत्रा के प्रयासों से म्युनिसिपल कॉरपोरेशन चंडीगढ़ और डोर टू डोर गार्बेज कलेक्टर्स के बीच एमओयू, कमर्शियल एरियाज को मिली बड़ी राहत*
