ह्यूमन वेलफेयर एवं एंटी एक्सटॉर्शन संगठन (एनजीओ) की अहम बैठक सम्पन्न , कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई चर्चा।

ऊचंडीगढ़, मीडिया जंक्शन-/(विक्रांत/विजेश कुमार):- ह्यूमन वेलफेयर एवं एंटी एक्सटॉर्शन संगठन (एनजीओ) द्वारा आज अम्बाला के एक निजी होटल में बोर्ड मेंबर्स द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में बढ़ रही अवैध वसूली, महिला सशक्तिकरण, साइबर अपराध, शिक्षा, स्वास्थ्य, शोषण, भ्रष्टाचार, अपराध और जरूरतमंद वर्ग की समस्याओं पर गंभीर मंथन करना रहा।

बैठक में एंटी एक्सटॉर्शन (अवैध वसूली विरोध) को लेकर विशेष चर्चा की गई। संगठन ने निर्णय लिया कि आम नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं को अवैध वसूली व धमकी जैसी घटनाओं के खिलाफ जागरूक किया जाएगा तथा पीड़ितों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए एक विशेष हेल्पडेस्क और शिकायत तंत्र मजबूत करने पर सहमति बनी।

इसके साथ ही मानव कल्याण (ह्यूमन वेलफेयर) से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संगठन ने निर्धन, असहाय, जरूरतमंदों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सहायता के लिए आगामी दिनों में स्वास्थ्य शिविर, निःशुल्क कानूनी सलाह शिविर और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही इस बैठक में पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी सभी पदाधिकारी ने अपनी सहमति जताई और कहा कि संगठन द्वारा प्रत्येक वर्ष गांव स्तर पर ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाए जाएंगे।

बैठक में यह भी तय किया गया कि नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। युवाओं को सकारात्मक दिशा में जोड़ने के लिए रोजगार मार्गदर्शन और कौशल विकास कार्यक्रम शुरू करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ह्यूमन वेलफेयर एवं एंटी एक्सटॉर्शन संगठन समाज में भयमुक्त वातावरण बनाने और जरूरतमंदों तक मदद पहुँचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करता रहेगा। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का संकल्प लिया।

यह बैठक समाजहित में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में आम लोगों को सुरक्षा, सहायता और न्याय मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस बैठक में संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन जगदीप सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष विजेश शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव अमित पाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेन्द्र पाँचाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव जोगिंदर सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य विनय विज को चुना गया। इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन जगदीप सिंह व राष्ट्रीय अध्यक्ष विजेश शर्मा ने सभी पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *