चंडीगढ़ ( मीडिया जंक्शन/ विक्रांत/ चेतन शर्मा):-: चंडीगढ़ में पोलो के बढ़ते क्रेज को देखते हुए शहर एक बार फिर चंडीगढ़ पोलो सीजन 2026 की मेजबानी के लिए तैयार है। वर्ष 2024–2025 में पहले सीजन के सफल आयोजन के बाद यह इस प्रतिष्ठित पोलो सीजन का दूसरा संस्करण होगा। इस सीजन का आयोजन इंडियन पोलो एसोसिएशन और चंडीगढ़ पोलो एसोसिएशन के अधीन किया जा रहा है, जिससे शहर की पहचान पोलो के उभरते केंद्र के रूप में और मजबूत हो रही है।
चंडीगढ़ पोलो सीजन 2026 का आयोजन 29 मार्च से 4 अप्रैल 2026 तक चंडीगढ़ पोलो क्लब में किया जाएगा। पूरे सप्ताह चलने वाले इस आयोजन में रोमांचक पोलो मुकाबलों के साथ-साथ कई सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे खेल प्रेमियों और शहरवासियों को एक अनूठा अनुभव मिलेगा।
इस बार देशभर से लगभग 12 टीमें इस सीजन में भाग लेने की उम्मीद है। इनमें प्रमुख रूप से इंडियन आर्मी आर्टिलरी पोलो टीम, इंडियन नेवी पोलो टीम, आर्मी सर्विस कॉर्प्स पोलो टीम, रिमाउंट एंड वेटरनरी कॉर्प्स पोलो टीम, 61 कैवेलरी पोलो टीम, राजस्थान पोलो टीम, जयपुर पोलो टीम, ईडन पोलो टीम, गोल्डन ग्रीन्स पोलो टीम के साथ मेजबान चंडीगढ़ पोलो टीम और अन्य टीमें शामिल होंगी।
पोलो के सभी मुकाबलों में दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा, ताकि शहरवासी और बाहर से आने वाले लोग पोलो के रोमांच को करीब से देख सकें।
चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पूरे उत्तर भारत में पोलो खेल को और लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से मैचों के साथ कई आकर्षक सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन दिवस 29 मार्च को सूफी बैठकी नाइट आयोजित की जाएगी। इसके अलावा 3 अप्रैल को लेडीज़ बूट्स एंड हैट्स हाई टी और 4 अप्रैल 2026 को ग्रैंड गाला नाइट का आयोजन होगा।
इस कार्यक्रम में कई सेलिब्रिटी मेहमान, विशिष्ट अतिथि और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे, जिससे यह आयोजन क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण सामाजिक और खेल आयोजन बन जाएगा।
चंडीगढ़ पोलो क्लब के अध्यक्ष दिलप्रीत सिंह सिद्धू ने इस अवसर पर कहा कि “एरीना पोलो, पोलो का एक नया प्रारूप है जो दर्शकों के लिए अधिक रोचक और अनुकूल है। हमें गर्व है कि हमारा ‘सिटी ब्यूटीफुल’ चंडीगढ़ एरीना पोलो सीजन 2026 की मेजबानी कर रहा है। हम चाहते हैं कि उत्तर भारत के युवा लड़के और लड़कियां पोलो की इस विरासत को आगे बढ़ाएं।”
इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य ब्रिगेडियर संदीप कश्यप, कर्नल मनोज दीवान, मेहताब गिल सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
