चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (सी.टी.ए) के प्रयासों से ट्रांसपोर्ट एरिया में विकास कार्यों को मिली गति

चंडीगढ़ ( मीडिया जंक्शन-/ विक्रांत):-चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट एरिया में लंबे समय से लंबित बुनियादी समस्याओं के समाधान को लेकर चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (सी.टी.ए) के निरंतर और संगठित प्रयास अब ठोस परिणाम देने लगे हैं। सी.टी.ए की पहल के चलते चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के गवर्नर द्वारा ट्रांसपोर्ट एरिया का एक से अधिक बार दौरा किया गया, जो क्षेत्र की समस्याओं के प्रति प्रशासन की गंभीरता को दर्शाता है।

दौरे के दौरान ट्रांसपोर्टरों ने अपनी प्रमुख मांगों और समस्याओं को विस्तार से गवर्नर के समक्ष रखा। हालात का जायजा लेने के बाद गवर्नर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ट्रांसपोर्ट एरिया की स्थिति में तत्काल सुधार लाया जाए और सभी आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।

गवर्नर द्वारा जिन प्रमुख बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए, उनमें ट्रक ड्राइवरों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त रैन बसेरे का उन्नयन, स्वच्छ एवं किफायती कैंटीन की व्यवस्था, दैनिक दिनचर्या के अनुरूप व्यायाम एवं स्वास्थ्य सुविधाएं, जर्जर सड़कों का पुनर्निर्माण, ट्रांसपोर्ट एरिया में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, ड्राइवरों के विश्राम हेतु शेड तथा धर्म कांटे की व्यवस्था शामिल हैं।

इन निर्देशों के अनुपालन में चंडीगढ़ म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा ने पदभार ग्रहण करते ही ट्रांसपोर्ट एरिया का विस्तृत निरीक्षण किया। उनके साथ हॉर्टिकल्चर सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर कृष्णपाल सिंह, इलेक्ट्रिकल एग्जीक्यूटिव इंजीनियर कुलदीप, हॉर्टिकल्चर एग्जीक्यूटिव इंजीनियर प्रितपाल सिंह के अलावा पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ बलराज एवं जेई संदीप सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा ने ट्रांसपोर्ट एरिया के विभिन्न हॉटस्पॉट का बारीकी से जायजा लेते हुए कार्यों को युद्ध स्तर पर तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने बंद पड़े पानी के नलों, जर्जर सड़कों, जल निकासी व्यवस्था और अन्य आधारभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने के निर्देश जारी किए।

सी.टी.ए अध्यक्ष जसवीर सिंह गिल, पूर्व अध्यक्ष के.के. अबरोल और उपाध्यक्ष पवन कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रांसपोर्ट एरिया के समग्र विकास के लिए लंबे समय से निरंतर प्रयास किए जा रहे थे, जिनका सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है। उन्होंने चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा की कार्यशैली, तत्परता और जमीनी स्तर पर कार्य करने की प्रतिबद्धता की सराहना की।

इस अवसर पर चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा ने आश्वासन दिया कि ट्रांसपोर्ट एरिया में चल रहे सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएंगे। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि आगामी मानसून से पूर्व सड़कों, नालों एवं अन्य आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर लिया जाएगा, ताकि जलभराव एवं आवागमन से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान मुनिसपल कॉरपोरेशन चंडीगढ़ के अन्य अधिकारी, सी.टी.ए के वरिष्ठ सदस्य तथा क्षेत्र के प्रमुख ट्रांसपोर्टर भी उपस्थित रहे। सभी ने ट्रांसपोर्ट एरिया के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर जमीनी स्थिति का आकलन किया तथा समस्याओं के समाधान हेतु अपने सुझाव भी साझा किए।

इस दौरान सी.टी.ए से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों में तरसेम पुरी, बलदीप सिंह लक्की, जीत राम, रामपाल, सतेंद्र सिंह, नवीन शर्मा, सविंदर शर्मा, गुलशन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

सी.टी.ए ने विश्वास जताया कि प्रशासन, म्युनिसिपल कॉरपोरेशन और ट्रांसपोर्टरों के समन्वित प्रयासों से चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट एरिया को निकट भविष्य में एक आदर्श एवं मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जो अन्य शहरों के लिए भी एक उदाहरण स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *