ओरल कैंसर के खिलाफ जंग, जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार – अजय मित्तल

पंचकूला,(मीडिया जंक्शन- विक्रांत):-

भाजपा जिला मुख्यालय पंचकमल में अप्रैल माह में मनाये जाने वाले विश्व मौखिक कैंसर माह (Oral Cancer Awareness Month) के अवसर पर जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने समाज में मौखिक कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता पोस्टर लांच कर विशेष अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर प्रदेश पदाधिकारी वरिंद्र गर्ग, चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी आशीष गुलेरिया, प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक डॉ हरीश वशिष्ठ, डॉ संजय भट्ट, डॉ अमित अग्रवाल, जागरूकता अभियान के संयोजक डॉ मनोज राव, डॉ ऋचा, डॉ राहुल गोयल, डॉ ज्योति यादव, डॉ सुमित, डॉ तरुण, डॉ मानसी, डॉ सोनाली, जिला मीडिया इंचार्ज के. चन्दन, कार्यालय सचिव संजीव शर्मा सहित तमाम चिकित्सक एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। अभियान के निमित्त आयोजित प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने कहा, मौखिक कैंसर आज भारत सहित पूरे विश्व में तेजी से फैलने वाली गंभीर बीमारियों में से एक बन चुका है। उन्होंने कहा, विशेषज्ञों के अनुसार, तंबाकू, गुटखा, पान मसाला, धूम्रपान और अत्यधिक शराब का सेवन मौखिक कैंसर के प्रमुख कारण हैं। श्री मित्तल ने कहा, जागरूकता की कमी और समय पर जांच न कराने के कारण यह बीमारी अक्सर गंभीर अवस्था में सामने आती है, जिससे उपचार कठिन हो जाता है। जागरूकता अभियान के संयोजक डॉ मनोज राव ने बताया, इस अभियान के तहत पंचकूला ज़िले के गांव, नगरों और बस्तियों में आम जन को मौखिक कैंसर के लक्षणों, जैसे मुंह में न भरने वाले घाव, सफेद या लाल धब्बे, लगातार दर्द या सूजन के बारे में जानकारी दी जाएगी साथ ही लोगों को नियमित जांच कराने और गलत आदतों को त्यागने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि मौखिक कैंसर का प्रारंभिक अवस्था में पता चल जाए तो इसका उपचार संभव और सफल होता है। चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी आशीष गुलेरिया ने बताया कि गलत खान पान का सेवन करने वालो को समय-समय पर दंत चिकित्सक से जांच अवश्य करवानी चाहिए। श्री गुलेरिया ने कहा, हम स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज को भी इस गंभीर बीमारी से बचाने के लिए जागरूक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *