पंचकूला।(मीडिया जंक्शन-/विक्रांत शर्मा):- खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित तीज माल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ 4 फरवरी से होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्राफी का अनावरण रविवार को सेक्टर-5, पंचकूला में भव्य रूप से किया गया। ट्राफी का अनावरण पंचकूला के पूर्व महापौर कुलभूषण गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल तथा प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष बंतो कटारिया द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर टूर्नामेंट के प्रबंधक पंकज लिड्डू और विपिन लिड्डू ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि यह क्रिकेट टूर्नामेंट उनकी दादी तीज माल की स्मृति में शुरू किया गया था। यह टूर्नामेंट पिछले कई वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है और अब विभिन्न प्रदेशों में भी इसकी पहचान बन चुकी है। आयोजकों ने बताया कि इस बार टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें अलग-अलग राज्यों की टीमें शामिल होंगी। विपिन लिड्डू ने बताया कि टूर्नामेंट का शुभारंभ 4 फरवरी को ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम, पंचकूला में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में प्रदेश के कई गणमान्य अतिथि, खेल प्रेमी और युवा खिलाड़ी मौजूद रहेंगे। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला और समापन समारोह 24 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट में लगभग 5 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि रखी गई है। इसके साथ ही मैन आफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और अन्य विभिन्न कैटेगरी में भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
इस मौके पर पूर्व महापौर कुलभूषण गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई प्रभावी योजनाएं चलाई जा रही हैं। खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों, पुरस्कारों और सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष बंतो कटारिया ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार दोनों ही युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर रही हैं। ऐसे टूर्नामेंट युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं और उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजकों को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। भाजपा जिला प्रधान अजय मित्तल ने आयोजकों को बधाई दी। इस अवसर पर जिला महामंत्री जय कौशिक, मंडल प्रधान प्रमोद कौशिक, मंडल महामंत्री पुष्पा सिंहरोहा, निर्मल चंद धीमान, रंजीत सिंह, दीपक कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है हरियाणा सरकार-कुलभूषण गोयल -तीजमाल क्रिकेट टूर्नामेंट ट्राफी का अनावरण
