पंचकूला में आप प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता का बीजेपी और बजट पर तीखा हमला; नगर निगम चुनाव पार्टी चिन्ह पर लड़ने का ऐलान

पंचकूला (मीडिया जंक्शन- ब्यूरो):-
हरियाणा आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता सोमवार को पंचकूला पहुंचे। जिला प्रधान राजीव मनोचा (मोनु भाई) के सहयोग से उन्होंने आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सुशील गुप्ता ने केंद्र सरकार के बजट और राज्य की बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सुशील गुप्ता ने 1 फरवरी को पेश किए गए केंद्रीय बजट पर सवाल उठाते हुए कहा कि बजट में हरियाणा का नाम तक नहीं लिया गया, इसके बावजूद प्रदेश सरकार और बीजेपी नेता इसकी तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने इसे हरियाणा सरकार की बड़ी विफलता बताया और कहा कि राज्य सरकार को केंद्र के सामने मजबूती से हरियाणा का पक्ष रखना चाहिए था, ताकि प्रदेश के स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के लिए कुछ ठोस मिल पाता।
उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और रिश्वतखोरी चरम पर है। युवाओं को रोजगार न मिलने के कारण उन्हें डंकी रूट के जरिए विदेश जाने को मजबूर होना पड़ रहा है, जो पूरे प्रदेश के लिए चिंता का विषय है।
नगर निगम चुनावों को लेकर सुशील गुप्ता ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम चुनाव आम आदमी पार्टी अपने पार्टी चिन्ह पर लड़ेगी। इसके साथ ही नगर परिषद और नगर पालिका चुनाव भी पार्टी चिन्ह पर ही लड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरी तरह चुनाव के लिए तैयार है और गली-गली जाकर जनता को जागरूक किया जा रहा है।
बीजेपी पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति कर रही है। साथ ही पंचकूला नगर निगम पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में नगर निगम कोई ठोस विकास कार्य करने में विफल रहा है।
पंजाब का उदाहरण देते हुए सुशील गुप्ता ने कहा कि वहां पहले गैंगवार और नशे की गंभीर समस्या थी, लेकिन मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान की सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम उठाए हैं और इन समस्याओं को जड़ से खत्म करने की जरूरत है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी डराने-धमकाने की राजनीति करती है और आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को झूठे भ्रष्टाचार मामलों में जेल में डालने की कोशिश की गई। हालांकि, आधे से ज्यादा मामलों में अदालत ने उन्हें बरी कर दिया और आज तक एक रुपये का भी आरोप साबित नहीं हो पाया।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सुशील गुप्ता ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस से सभी गठबंधन खत्म कर दिए थे, क्योंकि कांग्रेस बीजेपी की “बी टीम” की तरह काम कर रही है और जेल जाने से डरती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कई घोटाले सामने आए, लेकिन आज तक किसी बड़े नेता को जेल नहीं हुई।
आम आदमी पार्टी की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि देश में सबसे पहले मुफ्त बिजली, मुफ्त दुर्घटना इलाज और सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को विदेश भेजकर ट्रेनिंग जैसी योजनाएं अरविंद केजरीवाल सरकार ने शुरू कीं। इसके बावजूद केजरीवाल को झूठे भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में डाला गया, लेकिन आज तक एक पैसा भी बरामद नहीं हो सका।
अंत में जिला प्रधान राजीव मनोचा (मोनु भाई) ने कहा कि पार्टी हाईकमान के निर्देशों के अनुसार वह आम आदमी पार्टी को हर स्तर पर मजबूत करने और संगठन को आगे बढ़ाने के लिए पूरा सहयोग देते रहेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *