पंचकूला/ (मीडिया जंक्शन/- चेतन शर्मा):- पंचकूला पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक लापता किशोरी को महज 2 घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला। 24 फरवरी की शाम करीब 4 बजे अमरावती क्षेत्र की एक 16 वर्षीय किशोरी अपनी मां की सामान्य डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से कहीं चली गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर करीब 5 घंटे तक आसपास और रिश्तेदारों में किशोरी की तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर घबराए परिजनों ने इसकी सूचना तुरंत अमरावती पुलिस चौकी में दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह ने बिना समय गंवाए एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और स्थानीय इनपुट के आधार पर त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस की सक्रियता का परिणाम यह रहा कि सूचना मिलने के मात्र 2 घंटे के भीतर किशोरी को पंजाब के मोहाली क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोरी को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
अपनी लाडली को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने चौकी प्रभारी प्रीतम सिंह और उनकी पूरी टीम का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई की बदौलत ही आज उनकी बेटी उनके पास है।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता का संदेश: पुलिस का प्रथम कर्तव्य नागरिकों की सुरक्षा और उनके विश्वास को बनाए रखना है। विशेषकर बच्चों और महिलाओं से जुड़े मामलों में हमारी टीम ‘जीरो रिस्पांस टाइम’ के सिद्धांत पर कार्य करती है। अमरावती चौकी टीम की यह त्वरित कार्रवाई सराहनीय है। मैं अभिभावकों से भी अपील करती हूँ कि वे बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस चौकी को सूचित करें।
