तरुण भंडारी और बंतो कटारिया ने ‘साईं की पाठशाला’ के बच्चों संग किया डांस, बांटी खुशियां

पंचकूला(मीडिया जंक्शन/ विक्रांत शर्मा):-: समाज के वंचित, स्लम और जरूरतमंद बच्चों को मुफ्त शिक्षा देकर उनके भविष्य को संवारने वाली संस्था ‘साईं की पाठशाला’ में आज एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस पाठशाला के प्रांगण में बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए एक रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रख्यात नेत्री श्रीमती बंतो कटारिया ने भी शिरकत की। अतिथियों का स्वागत पाठशाला के संचालक व समाजसेवी अनिल थापर ने किया।
200 बच्चों को बांटे गए सर्टिफिकेट
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने शिक्षा और अन्य गतिविधियों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले पाठशाला के तकरीबन 200 बच्चों को प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) देकर सम्मानित किया। बच्चों का मुंह मीठा कराने के लिए सभी को मिठाइयां भी वितरित की गईं, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई।
मासूम बच्चों के संग झूमे अतिथि
इस पूरे आयोजन का सबसे मुख्य और भावुक आकर्षण तब देखने को मिला जब औपचारिकता और प्रोटोकॉल से परे हटकर मुख्य अतिथि तरुण भंडारी और नेत्री बंतो कटारिया नन्हे-मुन्ने बच्चों के आग्रह पर खुद को रोक नहीं पाए और उनके साथ जमकर डांस किया। बच्चों के साथ कदम थिरकाते अतिथियों को देखकर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
वरिष्ठजनों की गरिमामयी उपस्थिति
इस पावन और खुशनुमा अवसर पर समाजसेवा और संगठन से जुड़े कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुकेश सिंगला, दीपक गर्ग , नरेश गोयल प्रदीप गर्ग,ने पहुंचकर बच्चों की हौसला अफजाई की। उनके साथ ही महिला जिला अध्यक्ष अनुराधा पुरी ने भी उपस्थित होकर संस्थान के इस पुनीत कार्य की सराहना की और बच्चों को शुभाशीष दिया।
अनिल थापर के सेवा कार्यों की हुई सराहना
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि समाजसेवी अनिल थापर और उनकी संस्था जिस निस्वार्थ भाव से समाज के अंतिम छोर पर खड़े बच्चों को कॉन्वेंट स्कूल जैसी शिक्षा और संस्कार दे रही है, वह बेहद वंदनीय है। ऐसे प्रयास ही नए और सशक्त भारत की नींव रखते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर संचालक अनिल थापर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि ‘साईं की पाठशाला’ का यह सेवा प्रकल्प निरंतर इसी सेवा भाव के साथ आगे बढ़ता रहेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *