श्री भैरो बाबा जी के विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

पंचकूला,(मीडिया जंक्शन-/विक्रांत शर्मा):- शनि मंदिर, घग्गर ब्रिज के समीप, गोल्फ क्लब के पीछे, सेक्टर-3 पंचकूला में श्री भैरो बाबा जी के पावन आशीर्वाद से विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा विशाल भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, श्रद्धा और सेवा का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव श्री तरुण भंडारी तथा विशिष्ट अतिथि पंचकूला के महापौर श्री श्याम लाल बंसल रहे। अतिथियों ने श्री भैरो बाबा जी के चरणों में मत्था टेककर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया तथा आयोजन समिति के सेवा कार्यों की सराहना की।

अपने संबोधन में श्री तरुण भंडारी ने कहा कि पंचकूला आज केवल एक सुंदर और विकसित शहर ही नहीं, बल्कि धर्मनगरी के रूप में भी अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। यहां वर्षभर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा लंगर, भंडारे, सत्संग, कथा, यज्ञ और सेवा कार्य निरंतर आयोजित किए जाते हैं। यही सेवा की परंपरा पंचकूला की सबसे बड़ी ताकत है, जो समाज को जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा को सबसे बड़ा धर्म माना गया है और श्री भैरो बाबा जी के आशीर्वाद से आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और मानवता की भावना को और अधिक मजबूत करते हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार विकास के साथ-साथ सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को भी समान महत्व दे रही है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सेवा और संस्कारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। इस अवसर पर समाजसेवी मुकेश सिंगला, नरेश सांवरा, दीपक बंसल (लड्डी), नीरज चौधरी, ईशान निजाम (स्टाइलो) तथा सुदर्शन सिंगला भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए आयोजन समिति के सेवा कार्यों की सराहना की।

महापौर श्री श्याम लाल बंसल ने कहा कि पंचकूला में धार्मिक और सामाजिक संस्थाएं पूरे वर्ष निस्वार्थ भाव से जनसेवा के कार्य करती हैं, जो शहर की सबसे बड़ी पहचान है। श्री भैरो बाबा जी के आशीर्वाद से आयोजित यह विशाल भंडारा श्रद्धालुओं की आस्था और सेवा भावना का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सहयोग, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और सभी स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि निस्वार्थ भाव से की गई सेवा ही सच्ची ईश्वर भक्ति है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

आयोजन समिति ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में भाग लिया और विशाल भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *