मनीमाजरा में बढ़ते अपराधों पर मंथन, डीएसपी राम गोपाल से मिले जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन

मनीमाजरा (मीडिया जंक्शन-/ विक्रांत):-

मनीमाजरा क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से डीएसपी श्री राम गोपाल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ऑल मनीमाजरा वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस. परवाना, भाजपा वार्ड-6 अध्यक्ष राजीव ढींगरा, पूर्व मंडल अध्यक्ष वार्ड-5 डॉ. अशोक जोशी, मंडल महामंत्री डी.पी. दुबे, मंडल महामंत्री हरिकेश वर्मा तथा बूथ अध्यक्ष अनमोल दुबे उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने डीएसपी राम गोपाल के समक्ष क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने तथा अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई जैसे मुद्दों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।
बैठक में विशेष रूप से मनीमाजरा के विभिन्न स्कूलों के बाहर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस संबंध में स्कूल समय के दौरान पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाने और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के बाद भाजपा वार्ड-6 अध्यक्ष राजीव ढींगरा ने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के आपसी सहयोग से मनीमाजरा में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा तथा क्षेत्रवासियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *