भक्ति पथ यात्रा समूह की श्री चुलकाना खाटू धाम व कुरुक्षेत्र तीर्थ यात्रा संपन्न, दिव्यांग बच्चों का उत्साह बना आकर्षण
चंडीगढ़, (मीडिया जंक्शन-/ विक्रांत/ पूनम ):- भक्ति पथ यात्रा समूह, चंडीगढ़ द्वारा आयोजित श्री चुलकाना खाटू धाम एवं पवित्र तीर्थ कुरुक्षेत्र की एक दिवसीय धार्मिक यात्रा श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति भाव के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री खाटू श्याम एवं विभिन्न पवित्र स्थलों के दर्शन किए।
समूह के संयोजक महिपाल खाती, पूनम कोठारी, तेजस्वी मठपाल एवं बसवानंद भट्ट ने बताया कि यात्रियों के सहयोग, अनुशासन और आपसी प्रेम के कारण पूरी यात्रा अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफल रही। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ के बावजूद सभी श्रद्धालुओं ने धैर्य बनाए रखा, एक-दूसरे का सहयोग किया तथा पूरे यात्रा मार्ग में भक्ति और सेवा की भावना का परिचय दिया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने सबसे पहले हरियाणा के पानीपत स्थित प्रसिद्ध श्री चुलकाना खाटू धाम में भगवान श्री खाटू श्याम जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात सभी श्रद्धालु पवित्र तीर्थ कुरुक्षेत्र पहुंचे, जहां श्री गीता धाम में भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं ने श्री गीता धाम में माता विश्वंभरी देवी के दर्शन किए तथा ब्रह्मा सरोवर, सूर्य सरोवर, श्रीकृष्ण संग्रहालय एवं अन्य प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया।
समूह के संयोजक महिपाल खाती तथा पूनम ने बताया कि भीड़ -भाड़ के बावजूद सभी श्रद्धालुओं ने धैर्य बनाए रखा और एक दूसरे का सहयोग, अनुशासन और प्रेम के कारण यह यात्रा अत्यंत सुंदर व्यवस्थित और सफल रही। भक्ति भाव से यात्रा पूर्ण थी और भक्ति पथ के फाउंडर मेंबर महिपाल सिंह खाती ने बताया नया गांव से नवनिर्वाचित मेयर सुरेंद्र कौशिक उर्फ़ बब्बल जी एवं नवनिर्वाचित नगर निगम काउंसलर भगवती खाती वार्ड नंबर 3 ने स्पेशली एबल्ड बच्चों के लिए ग्रुप को सेवा दी और आगे भी जरूरतमंद लोगों के लिए यात्रा आयोजन करने और संपूर्ण रूप से अपना योगदान देने का आश्वासन दिया।
समूह संयोजक पूनम कोठारी ने बताया कि यात्रा का सबसे भावुक और प्रेरणादायक पहलू विशेष दिव्यांग बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही। बच्चों का उत्साह, ऊर्जा और आनंद पूरे यात्रा के दौरान सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहा। उनके साथ आए परिवारजनों, आशा किरण टीम तथा SHE फाउंडेशन की टीम के नीतेश शर्मा के सहयोग ने यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया, जिसके कारण सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकीं।
यात्रा को भक्तिमय वातावरण प्रदान करने में धारी देवी कीर्तन मंडली का विशेष योगदान रहा। मंडली द्वारा प्रस्तुत भजनों और संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया तथा श्रद्धालु पूरे मार्ग में भक्ति भाव से झूमते रहे।
यात्रा के समापन पर समूह के संयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों, सहयोगी संस्थाओं तथा विशेष बच्चों और उनके परिवारों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने ईश्वर से सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार की धार्मिक एवं आध्यात्मिक यात्राओं का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सेवा, सत्संग और तीर्थ दर्शन का अवसर प्राप्त हो सके।
