विक्रांत शर्मा ब्यूरो चीफ रमोला न्यूज़/पंचकूला। पंचकूला अग्रवाल सभा के बहुप्रतीक्षित चुनाव में जगमोहन गर्ग ने प्रधान पद पर जीत हासिल कर सभा की कमान संभाल ली है। प्रधान पद के सीधे मुकाबले में जगमोहन गर्ग ने 74 वोट हासिल किए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अमित जिंदल को 45 वोट मिले। इस तरह जगमोहन गर्ग ने 29 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। चुनाव में जगमोहन गर्ग पैनल ने अपना दबदबा कायम करते हुए कुल 17 पदों में से 15 पर कब्जा जमाया। वहीं अमित जिंदल पैनल के समाजसेवी तेजपाल गुप्ता ने एग्जीक्यूटिव मेंबर की एक सीट हासिल की। एक उपप्रधान पद पर नवराज मित्तल जोनी पहले ही सर्वसम्मति से निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
वरिष्ठ उपप्रधान पद पर जगमोहन गर्ग पैनल के सुभाष सिंगला ने 78 वोट लेकर जीत दर्ज की। महासचिव पद पर मुकेश बंसल 77 वोट हासिल कर विजयी रहे। वित्त सचिव पद पर सतीश कुमार अग्रवाल ने 62 वोट, मीडिया सचिव पद पर राकेश गोयल ने 68 वोट और कोऑर्डिनेटर पद पर विकास भोजिया ने 87 वोट लेकर जीत हासिल की।
एग्जीक्यूटिव मेंबर की 10 में से 9 सीटें जीतीं
एग्जीक्यूटिव मेंबर की 10 सीटों के लिए हुए चुनाव में भी जगमोहन गर्ग पैनल के उम्मीदवारों ने नौ सीटों पर जीत दर्ज की। विजयी उम्मीदवारों में अमित गोयल को 67, अतुल गर्ग को 69, महिंदर बंसल को 66, दिनेश कुमार मित्तल को 76, प्रदीप बंसल को 67, संदीप गर्ग को 63, मुकेश गोयल को 67, प्रवीण गर्ग को 65 और बजरंग लाल सिंघल को 66 वोट मिले। वहीं अमित जिंदल पैनल के तेजपाल गुप्ता ने 63 वोट हासिल कर एक सीट अपने नाम की।
सभी 118 मतदाताओं ने किया मतदान
अग्रवाल सभा के चुनाव में कुल 118 मतदाता थे और सभी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह चुनाव में 100 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। परिणाम घोषित होने के बाद जगमोहन गर्ग पैनल के समर्थकों में खुशी का माहौल रहा।
मेनिफेस्टो के सभी वादे पूरे करेंगे : जगमोहन गर्ग
प्रधान निर्वाचित होने के बाद जगमोहन गर्ग ने कहा कि यह जीत उनकी पूरी टीम की जीत है। टीम के सभी सदस्यों ने दिन-रात मेहनत की, जिसका परिणाम सबके सामने है। उन्होंने कहा कि अब उनकी प्राथमिकता मेनिफेस्टो में किए गए सभी वादों को पूरा करना और अग्रवाल सभा के सदस्यों के हित में काम करना होगा।
पिता के विकास कार्यों का मिला लाभ : मुकेश बंसल
नवनिर्वाचित महासचिव मुकेश बंसल ने सभी मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि समाज के लोगों ने उन्हें जो आशीर्वाद और समर्थन दिया है, उसका ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। उन्होंने अपने पिता बालकिशन बंसल को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा करवाए गए विकास कार्यों का लाभ उन्हें मिला है। मुकेश बंसल ने जीत में पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल और समाजसेवी सतप्रकाश अग्रवाल के योगदान का भी उल्लेख किया।
अब विकास और काम करने की बारी : राकेश गोयल
नवनिर्वाचित मीडिया सचिव राकेश गोयल ने कहा कि अब उनकी टीम की बारी विकास कार्य करके दिखाने की है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लगातार यह कह रहे थे कि जगमोहन गर्ग, मुकेश बंसल और राकेश गोयल को चुनाव नहीं जीतने देंगे, लेकिन टीम ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। सबसे पहले चुनाव परिणाम राकेश गोयल का घोषित हुआ , उसके बाद सभी ने कहा कि राकेश गोयल जगमोहन गर्ग टीम के हनुमान है। जिसके बाद राकेश गोयल ने कहा कि अगर मुझे सभी ने हनुमान की उपाधि दी है , तो मेरा भी संकल्प है कि मैं पूरी टीम को एक साथ जीतकर लाउंगा और वह उन्होंने कर दिखाया।
<span;><span;>- 17 में से 15 पदों पर जगमोहन गर्ग पैनल का कब्जा, 100 प्रतिशत मतदान; महासचिव मुकेश बंसल और मीडिया सचिव राकेश गोयल भी विजय
ी
