- विक्रांत शर्मा ब्यूरो मीडिया जंक्शन-/ पंचकूला/ 07 अक्टूबर:- राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार पुलिस द्वारा आमजन, विद्यार्थियों और विशेष रूप से युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के अंतर्गत साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, सेक्टर-20, पंचकूला की साइबर टीम द्वारा गर्ल्स कॉलेज, सेक्टर-14, पंचकूला का दौरा कर छात्राओं के लिए विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को साइबर अपराधों की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित, जिम्मेदार और सतर्कता के साथ इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान साइबर टीम ने छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, पहचान की चोरी, सोशल मीडिया फ्रॉड, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड, फर्जी लिंक, फर्जी ई-चालान संदेश, संदिग्ध कॉल और अन्य साइबर खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने समझाया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं और कई बार छोटी सी लापरवाही से आर्थिक नुकसान के साथ-साथ व्यक्तिगत जानकारी भी गलत हाथों में जा सकती है। छात्राओं को सलाह दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक, अनजान क्यूआर कोड और अविश्वसनीय वेबसाइट पर क्लिक करने से बचें।
साइबर टीम ने छात्राओं को सोशल मीडिया खातों की गोपनीयता सेटिंग मजबूत रखने, मजबूत पासवर्ड एवं दो-स्तरीय सुरक्षा का प्रयोग करने तथा अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट और संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी। ऑनलाइन खरीदारी अथवा भुगतान करते समय वेबसाइट और भुगतान प्राप्तकर्ता की सही जानकारी जांचने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस ने छात्राओं को जागरूक किया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं तथा संबंधित साइबर अपराध रिपोर्टिंग माध्यम का उपयोग करें। पुलिस ने संदेश दिया कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक डिजिटल उपयोगकर्ता की साझा जिम्मेदारी है। थोड़ी सी सतर्कता बड़ी ठगी से बचा सकती है।
राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरुकता माह: पंचकूला गर्ल्स कॉलेज में पुलिस ने छात्राओं को पढ़ाया साइबर अपराधों से बचाव का पाठ, टीम ने समझाए ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के आसान तरीके
