मीडिया जंक्शन- विक्रांत शर्मा ब्यूरो चीफ/चंडीगढ़ :- वार्ड नंबर-7 के अंतर्गत मौली जागरां और विकास नगर के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से बदहाल सड़क की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को जल्द ही निजात मिलने वाली है। मौली जागरां पुलिस स्टेशन से विकास नगर तक करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। सड़क निर्माण के साथ-साथ लुक बिछाने और टाइलें लगाने का कार्य भी किया जाएगा, जिससे सड़क की हालत में व्यापक सुधार होगा और आवागमन अधिक सुगम बनेगा।
इस संबंध में पूर्व पार्षद एवं पूर्व डिप्टी मेयर अनिल कुमार दुबे ने बताया कि उक्त सड़क लंबे समय से खस्ताहाल थी, जिसके कारण स्थानीय निवासियों, वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन के चीफ इंजीनियर सी बी ओझा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा था और सड़क का जल्द पुनर्निर्माण करवाने की मांग उठाई थी। उनके प्रयासों के बाद अब सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो गया है।
अनिल कुमार दुबे ने सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए चीफ इंजीनियर सीबी ओझा एवं संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से मौली जागरां और विकास नगर के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल आवागमन की समस्या दूर होगी, बल्कि क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में भी सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास का आकलन वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं से होता है और अच्छी सड़कें आम नागरिक की सबसे महत्वपूर्ण जरूरतों में शामिल हैं। लंबे समय से स्थानीय निवासी इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे। अब काम शुरू होने से लोगों में खुशी और संतोष का माहौल है।
अनिल कुमार दुबे ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करवाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
पूर्व डिप्टी मेयर अनिल कुमार दुबे के प्रयासों से मिली क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत, चीफ इंजीनियर सी बी ओझा का जताया आभार
