मिडिया जंक्शन विक्रांत शर्मा ब्यूरो चीफ/पंचकूला, 28 अक्टूबर।:- अग्रवाल सभा पंचकूला के चुनाव में प्रधान पद को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उम्मीदवार क्लोजियम सदस्यों से संपर्क साधने और समर्थन जुटाने में पूरी ताकत लगा रहे हैं। बैठकों के जरिए चुनावी रणनीति तैयार की जा रही है। इसी बीच प्रधान पद के उम्मीदवार जगमोहन गर्ग ने दावा किया कि उन्हें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से समर्थन मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मतदाताओं पर दबाव बनाया जा रहा है और उनके रिश्तेदारों के माध्यम से भी फोन करवाए जा रहे हैं।
जगमोहन गर्ग ने कहा कि उनकी टीम की कई मतदाताओं से बातचीत हो चुकी है। उनके अनुसार, कुछ वोटरों ने बताया कि उन पर दूसरे पक्ष के समर्थन का दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन वे मतदान अपनी टीम के पक्ष में ही करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें विभिन्न क्षेत्रों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और अपनी टीम की जीत का पूरा भरोसा है।
‘मतदाता अपने विवेक से करेंगे फैसला’
महासचिव पद के उम्मीदवार मुकेश बंसल ने कहा कि अग्रवाल समाज की अपनी परंपराएं हैं। समाज के लोग किसी विवाद में पड़ने के बजाय सोच-विचार कर अपने विवेक से निर्णय लेते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मतदाता स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
विभिन्न सेक्टरों में क्लोजियम सदस्यों से लगातार संपर्क : सुभाष सिंगला
वरिष्ठ उपप्रधान पद के उम्मीदवार सुभाष सिंगला ने कहा कि उनकी टीम विभिन्न सेक्टरों में क्लोजियम सदस्यों से लगातार संपर्क कर रही है। उन्हें सदस्यों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। वहीं, वित्त सचिव पद के उम्मीदवार सतीश कुमार अग्रवाल ने बताया कि क्लोजियम सदस्यों के साथ बैठकों में चुनावी तैयारियों, आपसी तालमेल और अभियान को गति देने की रणनीति पर चर्चा की गई। टीम का एजेंडा और भविष्य की प्राथमिकताएं सभा के सदस्यों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
सुदेश गुप्ता के निवास पर हुई बैठक
प्रेस सचिव पद के उम्मीदवार राकेश गोयल ने बताया कि सुदेश गुप्ता के निवास पर आयोजित बैठक में चुनाव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने दावा किया कि बैठक में मौजूद सदस्यों ने उनकी टीम के घोषणा पत्र की सराहना की।
आपसी भाईचारे का चुनाव : श्रवण सिंगला
श्रवण कुमार सिंगला ने कहा कि उनकी टीम आपसी भाईचारे और पारिवारिक संबंधों को मजबूत रखते हुए मिल-जुलकर काम करने में विश्वास करती है।
बैठक में ये सदस्य रहे मौजूद
बैठक में प्रधान पद के उम्मीदवार जगमोहन गर्ग, वरिष्ठ उपप्रधान पद के उम्मीदवार सुभाष सिंगला, महासचिव पद के उम्मीदवार मुकेश बंसल, वित्त सचिव पद के उम्मीदवार सतीश कुमार अग्रवाल, प्रेस सचिव पद के उम्मीदवार राकेश गोयल के अलावा डॉ. राजेश बिंदल, विकास भोजिया, बजरंग दास सिंगला, प्रवीण गर्ग, मुकेश गोयल, संदीप गर्ग, प्रदीप बंसल, दिनेश कुमार मित्तल, श्रवण कुमार सिंगला, महेंद्रपाल बंसल, अमित गोयल, अतुल गर्ग और जयराजा गर्ग सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
