विक्रांत शर्मा/पंचकूला, मीडिया जंक्शन):- पंचकूला जिले के माजरी चौक स्थित प्राचीन मां बगलामुखी मंदिर धाम में पीठाधीश्वर परम पूज्य श्री श्री महेश्वरानंद स्वामी जी महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायकों ने देवी-देवताओं की महिमा का गुणगान कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। देर रात तक चले भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते रहे और मां बगलामुखी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं मंदिर प्रबंधन की ओर से पूज्य स्वामी जी का सम्मान किया गया। सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं समाज कल्याण के कार्यों की निरंतर प्रगति की कामना की। इसके पश्चात श्रद्धापूर्वक स्वामी जी द्वारा जन्मोत्सव का केक काटा गया, जिसके बाद प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने स्वामी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा धर्म, सेवा और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन एवं धार्मिक आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
अंत में मंदिर प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं का कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
पंचकूला के प्राचीन मां बगलामुखी मंदिर धाम में पीठाधीश्वर श्री श्री महेश्वरानंद स्वामी जी का जन्मोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया।
