पंचकूला (मीडिया जंक्शन-/ विक्रांत शर्मा):-
अमर्टेक्स उद्योग परिसर, प्लॉट नंबर 365 पंचकूला में अमर्टेक्स अमर प्रयास फाउंडेशन के माध्यम से प्रतिदिन आयोजित होने वाली लंगर सेवा के तहत आज विशेष रूप से स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र ने भी सेवा कार्य में भाग लिया। इस अवसर पर अमर्टेक्स के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अरुण ग्रोवर भी उपस्थित रहे।
लंगर सेवा के दौरान सुभाष चंद्र ने स्वयं अपने हाथों से जरूरतमंदों को भोजन और जल का वितरण किया। उन्होंने कहा कि भूखे और प्यासे लोगों को भोजन और पानी उपलब्ध कराना सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने अमार्टेक्स परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कई वर्षों से प्रतिदिन निरंतर इस सेवा को चलाना समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि इस सेवा की विशेषता यह है कि लंगर का वितरण स्वयं अमर्टेक्स परिवार के सदस्य अपने हाथों से करते हैं। इसके साथ ही अमर्टेक्स में कार्यरत कर्मचारी भी इस सेवा में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। यह लंगर सेवा सभी के लिए खुली रहती है और प्रतिदिन सैकड़ों लोग यहां भोजन और जल ग्रहण करते हैं।
इस अवसर पर अमर्टेक्स परिवार ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना उनके लिए गर्व और संतोष का विषय है। पंचकूला और हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों से समय-समय पर कई अतिथि भी यहां पहुंचकर इस सेवा में सहयोग करते हैं। यहां से भोजन ग्रहण करके जाने वाले लोगों के चेहरों पर खुशी और संतोष की मुस्कान देखना ही इस सेवा की सबसे बड़ी प्रेरणा है।
उल्लेखनीय है कि यह “अमर्टेक्स अमर प्रयास फाउंडेशन” अमर्टेक्स के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अरुण ग्रोवर के पूज्य पिता स्वर्गीय.अमरनाथ ग्रोवर जी की स्मृति में शुरू किया गया था। यह सेवा अंत्योदय की भावना के तहत संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक भोजन और सेवा पहुंचाना है।
अमर्टेक्स परिवार का कहना है कि यह सेवा आगे भी इसी भावना और निरंतरता के साथ जारी रहेगी।
