मीडिया जंक्शन- विक्रांत शर्मा ब्यूरो चीफ/ सुरेन्द्र गोयल/ पंचकूला:- भारत की युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण, स्वावलंबन, उद्यमिता और स्वदेशी विचारधारा से जोड़ने के उद्देश्य से स्वदेशी जागरण मंच हरियाणा की ओर से व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसी कड़ी में आगामी 15 नवंबर को पंचकूला में विशाल ‘स्वदेशी संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से हजारों युवा स्कूटर और मोटरसाइकिलों के माध्यम से भाग लेंगे। इसके अलावा 18 से 27 दिसंबर तक सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में 10 दिवसीय विशाल स्वदेशी महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
इन आयोजनों की जानकारी स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. राजेश गोयल, हरियाणा प्रांत संयोजक अरुण गर्ग, मेला प्रमुख रजनीश गर्ग तथा जिला मीडिया प्रमुख सुरेंद्र गोयल ने आज आयोजित प्रेस वार्ता में दी। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने सभी पत्रकार बंधुओं एवं प्रदेशवासियों को धनतेरस से लेकर भाई दूज तक मनाए जाने वाले दीपावली के पांच दिवसीय पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश गोयल ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है। देश की लगभग 147 करोड़ आबादी में करीब 37 करोड़ युवा 15 से 29 वर्ष की आयु वर्ग में आते हैं। वहीं देश की लगभग 68 प्रतिशत आबादी कार्यशील आयु वर्ग में है। यह युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी पूंजी और भविष्य की विकास यात्रा का आधार है।
उन्होंने कहा कि जहां दुनिया के कई विकसित देश बढ़ती उम्र की आबादी और कार्यबल की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, वहीं भारत के पास युवा ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य का विशाल भंडार है। आवश्यकता इस बात की है कि इस ऊर्जा को सही दिशा, सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ा जाए। युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। देश की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक मजबूती में युवाओं की भूमिका निर्णायक है।
युवाओं को नशे और नकारात्मकता से बचाना समय की आवश्यकता
अरुण गर्ग ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के सामने नशे, भ्रामक प्रचार, सांस्कृतिक प्रभावों और सामाजिक चुनौतियों के रूप में अनेक समस्याएं खड़ी हैं। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के बजाय उसे नकारात्मक दिशा में मोड़ने के प्रयास भी चिंता का विषय हैं। ऐसे समय में जरूरी है कि युवाओं को भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय मूल्यों, खेलकूद, अच्छे स्वास्थ्य, उद्यमिता और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और आत्मगौरव की भावना विकसित करना है। मंच युवाओं को नशे से दूर रहने, खेलों में भाग लेने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी प्रतिभा का उपयोग देश के विकास में करने के लिए प्रेरित करेगा। साथ ही भारतीय संस्कृति, परंपराओं और स्वदेशी विचारधारा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
15 नवंबर को पंचकूला में हजारों युवाओं की स्वदेशी संकल्प यात्रा
रजनीश गर्ग ने बताया कि 15 नवंबर 2026 को पंचकूला में विशाल ‘स्वदेशी संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी। इस यात्रा में हरियाणा के विभिन्न जिलों से हजारों युवा स्कूटर और मोटरसाइकिलों के माध्यम से शामिल होंगे। यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, स्वदेशी उत्पादों के प्रति गौरव, आर्थिक स्वावलंबन, उद्यमिता और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को राष्ट्रहित के साथ जोड़ने और स्वदेशी को जनआंदोलन बनाने का संदेश देगी। युवाओं से आह्वान किया जाएगा कि वे विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करने, स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और देश के छोटे व्यापारियों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित करने में अपनी भूमिका निभाएं।
18 से 27 दिसंबर तक परेड ग्राउंड में सजेगा स्वदेशी महोत्सव
प्रेस वार्ता में आगामी स्वदेशी महोत्सव की भी विस्तृत जानकारी दी गई। 18 दिसंबर से 27 दिसंबर 2026 तक सेक्टर-5 पंचकूला के परेड ग्राउंड में 10 दिवसीय विशाल स्वदेशी महोत्सव आयोजित होगा। इस महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय व्यापार, लघु एवं कुटीर उद्योगों, उद्यमियों और स्वदेशी उत्पादों को एक बड़ा मंच उपलब्ध करवाना है।
महोत्सव के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों के स्वदेशी उत्पादों को आम जनता तक पहुंचाने, स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहित करने और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के अवसर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। मंच का मानना है कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाना केवल खरीदारी का विकल्प नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में भागीदारी निभाने का माध्यम है।
स्वदेशी अपनाना हर नागरिक की जिम्मेदारी : सुरेंद्र गोयल
जिला मीडिया प्रमुख सुरेंद्र गोयल ने कहा कि स्वदेशी का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। जब देश का प्रत्येक नागरिक स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देगा, तब छोटे व्यापारियों, कारीगरों, उद्यमियों और घरेलू उद्योगों को मजबूती मिलेगी। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और देश आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनेगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों, युवाओं, व्यापारियों, उद्यमियों और सामाजिक संगठनों से दोनों आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी, स्वदेशी के प्रति जागरूकता और स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन देकर ही आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के सपने को साकार किया जा सकता है।
@स्वदेशी जागरण मंच की प्रेस वार्ता में युवाओं को नशे से दूर रखने, भारतीय संस्कृति के संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान; 18 से 27 दिसंबर तक सेक्टर-5 के परेड ग्राउंड में लगेगा विशाल स्वदेशी महोत्सव
