पंचकूला – (मीडिया जंक्शन- विक्रांत/प्रीति )
सेक्टर–1 स्थित गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवक अनमोल शर्मा का चयन सत्र 2023–24 के लिए प्रतिष्ठित एनएसएस राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु किया गया है। कॉलेज के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी एनएसएस स्वयंसेवक को यह राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त होने जा रहा है।
अनमोल शर्मा की इस उपलब्धि से कॉलेज प्रशासन एवं एनएसएस इकाई में हर्ष और गौरव का वातावरण है।
एनएसएस स्वयंसेवक अनमोल शर्मा, राजेश कुमार एवं सुनीता कुमारी की सुपुत्री हैं। वर्ष 2021 से राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़कर उन्होंने विभिन्न सामाजिक सरोकारों से संबंधित कार्यक्रमों, जन-जागरूकता अभियानों तथा सेवा गतिविधियों में सक्रिय एवं प्रभावी सहभागिता निभाई है। समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए उन्होंने चार बार रक्तदान कर युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अनमोल शर्मा का चयन उनकी लगन, अनुशासन और सेवा भावना का परिणाम है, जो राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल उद्देश्यों को सार्थक रूप में अभिव्यक्त करता है। वहीं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने कहा कि यह उपलब्धि कॉलेज के समस्त स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी और उन्हें समाज सेवा के कार्यों में और अधिक सक्रिय होने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
कॉलेज प्रशासन एवं एनएसएस प्रकोष्ठ ने अनमोल शर्मा को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सम्मान कॉलेज के लिए गौरव का विषय है और इससे संस्था की सामाजिक प्रतिबद्धता को नई पहचान मिली है।
अनमोल शर्मा को मिलेगा राज्य स्तरीय एनएसएस अवार्ड ।
