इंद्रदेव भी नहीं तोड़ सके रकतदानीयों का बुलंद हौसला 79 रकतदानियों ने किया रक्तदान

बरवाला ( मीडिया जंक्शन-/ विक्रांत शर्मा):-बरवाला के खाटू श्याम मंदिर प्रांगण में मानवता और सेवा का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। चारों ओर जलभराव और बारिश के बावजूद महा रक्तदान शिविर में लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और सामाजिक कार्यकर्ता शिविर में पहुंचे और रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने का संकल्प लिया। यह महा रक्तदान शिविर श्री श्याम परिवार प्रेम मंडल बरवाला एवं श्री शिव कावड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। रक्तदान शिविर में 79 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। सुबह से ही रक्तदाताओं का आना शुरू हो गया था और दिनभर लोगों की भीड़ बनी रही। बारिश के बावजूद लोगों के जोश और सेवा भावना ने यह साबित कर दिया कि मानवता की सेवा के लिए मौसम कभी बाधा नहीं बन सकता। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने पहली बार रक्तदान किया, जबकि कई नियमित रक्तदाता भी हर बार की तरह इस अभियान का हिस्सा बने। रक्तदान करने वालों ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज को नया जीवन दे सकता है। उनका मानना था कि हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
इस अवसर पर गौतम सिंगला बरवाला ने अपने जन्मदिन को यादगार बनाते हुए रक्तदान किया। उनके इस कदम की सभी ने सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को आयोजकों की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
रक्त संग्रह का कार्य पंचकूला सेक्टर-6 अस्पताल की अनुभवी मेडिकल टीम ने पूरी सावधानी और स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए किया। रक्तदान से पहले प्रत्येक रक्तदाता का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और योग्य पाए जाने के बाद ही रक्त एकत्रित किया गया। मेडिकल टीम ने रक्तदाताओं को रक्तदान के बाद आवश्यक सावधानियों और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी।
रक्तदान शिविर के साथ-साथ श्री सुखमणि डेंटल कॉलेज हॉस्पिटल, डेरा बस्सी द्वारा निःशुल्क दंत जांच शिविर भी लगाया गया। इस दौरान विशेषज्ञ दंत चिकित्सकों ने लोगों के दांतों की जांच कर उन्हें उचित उपचार एवं देखभाल संबंधी सलाह दी। बड़ी संख्या में लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। कमेटी के सदस्यों ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि समाज में रक्त की आवश्यकता हमेशा बनी रहती है और प्रत्येक व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। बारिश के बीच सेवा, समर्पण और मानवता का यह संगम पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का केंद्र बना रहा। शिविर में उमड़े जनसैलाब ने यह संदेश दिया कि जब उद्देश्य किसी की जान बचाना हो, तो मौसम की कोई भी बाधा लोगों के हौसलों को नहीं रोक सकती। रक्तदान करने पहुंचे लोगों का उत्साह पूरे कार्यक्रम के दौरान देखने लायक रहा और उन्होंने एक स्वर में संदेश दिया—”रक्तदान करें, जीवन बचाएं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *