मीडिया जंक्शन-/विक्रांत शर्मा ब्यूरो चीफ/पंचकूला।
“-जगमोहन गर्ग की नई टीम का पहला बड़ा आयोजन, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल होंगे मुख्य अतिथि ”
अग्रवाल सभा के चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद अब जगमोहन गर्ग की नई टीम समाज के बीच अपनी पहली बड़ी उपस्थिति दर्ज करवाने जा रही है। चुनाव में मिले अभूतपूर्व समर्थन के लिए 17 नवंबर को सेक्टर-16 स्थित अग्रवाल भवन में भव्य धन्यवाद समारोह आयोजित किया जाएगा। शाम 7 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में हजारों अग्रवाल परिवारों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर महिला शक्ति और युवाओं में भी खासा उत्साह है। समारोह केवल जीत का जश्न नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता और नई कार्यकारिणी के संकल्पों को साझा करने का अवसर भी बनेगा।
अग्रवाल भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में नवनिर्वाचित प्रधान जगमोहन गर्ग ने कहा कि चुनाव में समाज ने जिस विश्वास और समर्थन के साथ उनके पैनल को क्लीन स्वीप जीत दिलाई है, उसके लिए पूरी टीम समाज की ऋणी है। यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे अग्रवाल समाज की एकजुटता की जीत है। इसी भावना के साथ सभी सदस्यों और परिवारों को धन्यवाद देने के लिए समारोह रखा गया है।
मंत्री से लेकर शहर के प्रमुख चेहरे होंगे शामिल
समारोह में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल विशिष्ट अतिथि होंगे। वहीं मेयर श्याम लाल बंसल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता और भाजपा जिला प्रधान अजय मित्तल गणमान्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
गंगा आरती की तर्ज पर पहली बार होगी महाराजा अग्रसेन की महाआरती
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण महाराजा अग्रसेन की भव्य आरती होगी। महासचिव मुकेश बंसल ने बताया कि हरिद्वार में होने वाली गंगा आरती की तर्ज पर महाराजा अग्रसेन की आरती का विशेष आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य समाज को अपनी विरासत, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि सभा के सभी 2950 सदस्यों, कॉलेजियम सदस्यों और अग्रवाल समाज के परिवारों को निमंत्रण दिया गया है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन अधिकारी से आधिकारिक पत्र मिलने के बाद नई कार्यकारिणी चुनाव के दौरान किए गए वादों और संकल्पों को धरातल पर उतारने का काम शुरू करेगी। अग्रवाल भवन और सभा में सदस्यों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी प्राथमिकता के आधार पर शुरू की जाएंगी।
पत्रकारों को सम्मानित कर दिया निष्पक्ष पत्रकारिता का संदेश
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर अग्रवाल सभा ने पहली बार पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित कर पत्रकारिता जगत के प्रति सम्मान प्रकट किया। सभा के वरिष्ठ सदस्य सतप्रकाश अग्रवाल ने पत्रकारों का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया और मुंह मीठा करवाया। प्रेस सचिव एवं चेयरमैन राकेश गोयल ने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को सामने लाने और आम लोगों की आवाज प्रशासन व सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। यह जिम्मेदारी चुनौतीपूर्ण होने के साथ जोखिम भरी भी है।
प्रधान जगमोहन गर्ग ने पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। पत्रकारों को बिना किसी दबाव के जनहित के मुद्दे उठाने का अवसर मिलना चाहिए।
नई टीम के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
प्रेसवार्ता और कार्यक्रम में प्रधान जगमाेहन गर्ग, वरिष्ठ सदस्य सतप्रकाश अग्रवाल, महासचिव मुकेश बंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष सिंगला, उपाध्यक्ष नवराज जिंदल, वित्त सचिव सतीश कुमार अग्रवाल, सचिव डॉ. राजेश बिंदल, प्रेस सचिव राकेश गोयल और लेखा परीक्षक विकास भौजिया सहित कार्यकारिणी सदस्य दिनेश कुमार मित्तल, अतुल गर्ग, अमित गोयल, मुकेश गोयल, प्रदीप बंसल, बजरंग लाल शुक्ल, महेंद्र पाल बंसल, प्रवीण गर्ग, संदीप गर्ग, तेजपाल गुप्ता और श्रवण कुमार सिंगला मौजूद रहे।
