चंडीगढ़(मीडिया जंक्शन-/विक्रांत/ रोशन):—चंडीगढ़ टेंट डीलर्स सोसायटी की जनरल हाउस बॉडी की बैठक होटल गौर, सेक्टर-43, चंडीगढ़ में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सोसायटी के जनरल सेक्रेटरी अमनदीप सिंह ने की।
बैठक की शुरुआत में वर्तमान कार्यकारिणी को विधिवत भंग किया गया तथा चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए अनिल वोहरा को सर्वसम्मति से चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया।
चुनाव अधिकारी अनिल वोहरा ने उपस्थित सदस्यों से पूछा कि क्या प्रधान पद के लिए चुनाव कराया जाए अथवा कोई अन्य सदस्य चुनाव लड़ना चाहता है। इस पर उपस्थित सभी सदस्यों ने हाथ खड़े कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं पार्षद जसबीर सिंह बंटी को आगामी तीन वर्षों के लिए पुनः चंडीगढ़ टेंट डीलर्स सोसायटी का प्रधान नियुक्त किया जाए।
इस प्रस्ताव का समर्थन करम सिंह (दशमेश टेंट हाउस) तथा राजू धालीवाल (राजू टेंट हाउस) ने किया। इसके पश्चात उपस्थित सभी सदस्यों ने खड़े होकर हाथ उठाकर सर्वसम्मति से जसबीर सिंह बंटी को लगातार तीसरी बार सोसायटी का प्रधान निर्वाचित किया।
तीसरी बार प्रधान निर्वाचित होने पर जसबीर सिंह बंटी ने सभी सदस्यों द्वारा उन पर पुनः से भरोसा जताए जाने का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस विश्वास और स्नेह के साथ सदस्यों ने उन्हें लगातार तीसरी बार यह जिम्मेदारी सौंपी है, वह उस विश्वास पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, टेंट व्यवसाय से जुड़े प्रत्येक सदस्य के हितों की रक्षा करने तथा सभी सदस्यों के सुख-दुख में सदैव उनके साथ खड़े रहने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।
बैठक के दौरान आगामी वर्ष के कार्यक्रमों एवं गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई। सोसायटी के आय-व्यय का लेखा-जोखा एवं ऑडिट रिपोर्ट सदन के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके साथ ही सदस्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं संगठन के भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
