मनीमाजरा संत निरंकारी भवन में लगाया गया रक्तदान शिविर -250 श्रद्धालुओं ने किया रक्तदान

मनीमाजरा। (मीडिया जंक्शन/- चेतन शर्मा):-
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद से संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को मनीमाजरा स्थित संत निरंकारी भवन में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिलाओं सहित 250 निरंकारी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
शिविर का शुभारंभ चंडीगढ़ जोन के जोनल इंचार्ज श्री ओ.पी. निरंकारी ने मनीमाजरा ब्रांच मुखी महात्मा अमरजीत सिंह जी की उपस्थिति में किया।
इस अवसर पर जोनल इंचार्ज श्री ओ.पी. निरंकारी ने कहा कि संत निरंकारी मिशन का संदेश “मानव को मानव हो प्यारा, एक-दूजे का बने सहारा” केवल शब्द नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर निस्वार्थ सेवा, प्रेम और मानवता की सच्ची मिसाल हैं। उन्होंने बताया कि संत निरंकारी मिशन वर्ष 1986 से बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के आशीर्वाद से रक्तदान अभियान चला रहा है। देशभर में अब तक नौ हजार से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से 15 लाख से अधिक यूनिट रक्त मानवता की सेवा के लिए समर्पित किया गया है।
इस मौके पर मनीमाजरा ब्रांच के मुखी महात्मा अमरजीत सिंह जी ने कहा कि युग प्रवर्तक बाबा गुरबचन सिंह जी ने संगत को सच्चाई, सादगी और अच्छाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी तथा युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाकर समाज सेवा से जुड़ने का संदेश दिया। वहीं बाबा हरदेव सिंह जी महाराज ने “खून नालियों में नहीं, नाड़ियों में बहना चाहिए” का संदेश देकर रक्तदान जैसी महान सेवा को जन-जन तक पहुंचाया, जिसे सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। वही मुखी महात्मा अमरजीत सिंह जी ने शिविर में पहुंचे संयोजक महात्मा और मुखी महात्माओं को आभार व्यक्त किया।
रक्तदान शिविर में पीजीआई चंडीगढ़ की डॉ. मेघाली तथा सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की डॉ. नितिका के नेतृत्व में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने रक्त संग्रह किया। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में संगत और सेवादारों ने सेवा कार्यों में योगदान दिया तथा मानवता की सेवा के प्रति अपनी निष्ठा का परिचय दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *