मीडिया जंक्शन-/ विक्रांत शर्मा ब्यूरो/पंचकूला :-
हिंद संग्राम परिषद यूनिट उत्तर भारत की एक महत्वपूर्ण बैठक सेक्टर-11, पंचकूला में परिषद के प्रमुख फाउंडर एवं पत्रकार विक्रांत शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समाजहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया तथा भविष्य में सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
परिषद के अध्यक्ष एडवोकेट जगपाल सिंह तथा महासचिव सुधीर मिड्ढा ने कहा कि परिषद द्वारा स्वस्थ भारत, स्वच्छ भारत के उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा मंत्री एवं शिक्षा विभाग से मांग की जाएगी कि स्कूलों में योग के साथ-साथ विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने के लिए विशेष पीरियड शुरू किए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बचपन से ही यातायात नियमों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।
परिषद के उपाध्यक्ष अवतार सैणी तथा सचिव डॉ. सीमा गुप्ता ने युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं में सामाजिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने के लिए धार्मिक, सांस्कृतिक, डांस तथा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही युवाओं को परिवार और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने के विषय पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
परिषद के सलाहकार एडवोकेट दिनेश चतरथ, किशोर वर्मा तथा अमित गोयल ने कहा कि परिषद द्वारा दोबारा गौ-ग्रास सेवा रथ शुरू करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके अलावा समय-समय पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सेवा और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
वित्त सचिव निष्काम चतरथ, हरकेश तथा माता हर्ष वाला ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर कहा कि परिषद द्वारा “एक पौधा शहीदों के नाम” अभियान के साथ-साथ त्रिवेणी पौधारोपण को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिषद के सदस्यों और उनके परिवारों को भी इन अभियानों से जोड़ा जाएगा।
बैठक में यह भी विचार रखा गया कि परिषद के सदस्यों एवं उनके परिवारों की सहभागिता से समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक आयोजन किए जाएं, जिससे आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत हो। इसके साथ ही बसों के माध्यम से तीर्थयात्राओं का आयोजन करने पर भी चर्चा हुई, ताकि सदस्य एक-दूसरे के साथ जुड़कर धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक हो सकें।
बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, युवा जागरूकता, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
हिंद संग्राम परिषद की महत्वपूर्ण बैठक में कई सामाजिक मुद्दों पर चर्चा
