पंचकमल में अजय खुंडिया ने संभाला अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष का दायित्व, मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं

विक्रांत शर्मा ब्यूरो चीफ मीडिया जंक्शन/पंचकूला :- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि और संत कबीर ने समानता, मानवता तथा सामाजिक समरसता का संदेश दिया, जबकि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शिक्षा, समानता और सम्मान को संवैधानिक आधार प्रदान किया। भाजपा का संगठनात्मक इतिहास भी सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा से प्रेरणा लेने और प्रदेश में चल रहे सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मंगलवार दोपहर बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अजय खुंडिया को दायित्व ग्रहण कराया। प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संगठन में किसी भी पद की सार्थकता इस बात से तय होती है कि उस पद की जिम्मेदारी निभाने वाला व्यक्ति समाज के अंतिम व्यक्ति तक कितनी प्रभावी ढंग से पहुंचता है। उन्होंने अजय खुंडिया को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मोर्चा समाज के वंचित वर्गों की आवाज बनेगा और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाएगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ अनुसूचित जाति समाज के कल्याण और अधिकारों के संरक्षण के लिए काम कर रही है। उन्होंने हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग के गठन, प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के पदों पर अनुसूचित जातियों को 20 प्रतिशत आरक्षण तथा सफाई कर्मचारियों के हित में उठाए गए कदमों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सफाईकर्मियों और सीवरमैन की ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर दुर्घटना बीमा राशि पांच लाख से बढ़ाकर दस लाख रुपये करने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग, गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह पर 71 हजार रुपये तक की सहायता और मकान की मरम्मत के लिए आर्थिक मदद जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के लोगों को संगठन और संवैधानिक पदों पर अवसर देना भाजपा की समावेशी सोच को दर्शाता है। उन्होंने बाबा साहेब को भारत रत्न देने, पंचतीर्थ विकसित करने और संविधान दिवस मनाने जैसे कदमों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर अनुसूचित जाति समाज को केवल वोट बैंक समझने का आरोप लगाया।

डॉ. गुप्ता ने अजय खुंडिया से मोर्चे का मंडल स्तर तक शीघ्र विस्तार करने और प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की मौजूदगी सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के सरपंचों, पार्षदों, जिला परिषद प्रतिनिधियों और अन्य जनप्रतिनिधियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों से जोड़ना जरूरी है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट करने के साथ-साथ जातिगत उपविभाजन और आपसी भेदभाव समाप्त करने की दिशा में अजय खुंडिया और उनकी पूरी टीम काम करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में अनुसूचित जाति मोर्चा गांव, मंडल और बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत होगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, विधायक पवन खरखौदा, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, चेयरमैन बन्तो कटारिया, एडवोकेट वेदपाल, सुभाष कलसाना, कैप्टन योगेश बैरागी, ईश्वर सिंह प्लाका, बलदेव ग्रोहा समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

: नायब सैनी बोले—समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना संगठन की जिम्मेदारी, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाएं

: डॉ. अर्चना गुप्ता का आह्वान—आपसी भेदभाव छोड़कर एकजुट हों कार्यकर्ता, हर बूथ पर मजबूत करें मोर्चे की उपस्थिति

: प्रदेशाध्यक्ष ने सरपंचों, पार्षदों और जनप्रतिनिधियों को संगठन से जोड़ने तथा भाजपा का जनाधार बढ़ाने पर दिया जोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *