विक्रांत शर्मा ब्यूरो चीफ/ , मीडिया जंक्शन-/पंचकूला, अग्रवाल सभा पंचकूला के एक नवंबर को होने वाले चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। रविवार को सेक्टर-16 स्थित अग्रवाल भवन में प्रधान पद के उम्मीदवार जगमोहन गर्ग के नेतृत्व में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें महासचिव पद के उम्मीदवार मुकेश बंसल सहित टीम के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान जगमोहन गर्ग ने समाजसेवा से जुड़े अपने 14 संकल्पों का एजेंडा जारी करते हुए जरूरतमंद परिवारों की सहायता, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक एकजुटता को प्राथमिकता देने की बात कही।
जगमोहन गर्ग के अनुसार, उपप्रधान पद पर नवराज मित्तल निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। वहीं, कार्यकारिणी सदस्य पद के निर्दलीय उम्मीदवार प्रवीण गोयल और मनोज अग्रवाल ने उनकी टीम को समर्थन देने की घोषणा की है। जनसंपर्क अभियान के दौरान जगमोहन गर्ग अपनी टीम के साथ मनोज अग्रवाल के घर पहुंचे। इस दौरान मनोज अग्रवाल ने जगमोहन गर्ग और उनकी टीम को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की और चुनाव से अपना नाम वापस लेने की बात कही।
14 बिंदुओं में रखा समाजसेवा का एजेंडा
जगमोहन गर्ग ने कहा कि समाज की वास्तविक ताकत आपसी सहयोग, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद में है। उनके संकल्प पत्र में जरूरतमंदों की सहायता के लिए गोपनीय व्यवस्था बनाने, सहायता समिति गठित करने और अग्रवाल परिवारों की बेटियों की शादी में आवश्यकतानुसार सहयोग देने का प्रस्ताव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहायता प्राप्त करने वाले परिवारों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी, ताकि उनके सम्मान को ठेस न पहुंचे।
युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए नौकरी सहायता केंद्र बनाने, बेरोजगार युवाओं को मार्गदर्शन देने और रोजगार मेले आयोजित करने की योजना भी शामिल है। मेडिकल, इंजीनियरिंग और एमबीए जैसे पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले जरूरतमंद विद्यार्थियों को बिना ब्याज या कम ब्याज पर आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव रखा गया है।
इसके अलावा, किसी परिवार में दुखद घटना होने पर तत्काल सहायता, रस्म पगड़ी की व्यवस्था में सहयोग और अग्रवाल भवन में पार्किंग, साफ-सफाई, बर्तन तथा टेंट जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही गई है।
बुजुर्गों, महिलाओं और व्यापारियों के लिए भी योजनाएं
संकल्प पत्र में अकेले रहने वाले बुजुर्गों की नियमित फोन कॉल और मुलाकात के माध्यम से देखभाल करने तथा जरूरत पड़ने पर दवा एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था में मदद देने का प्रस्ताव है। विधवा और निराश्रित महिलाओं को आर्थिक सहायता तथा स्वरोजगार के लिए मार्गदर्शन देने की योजना भी रखी गई है।
छोटे दुकानदारों को आपसी सहयोग, सस्ते कर्ज की जानकारी और व्यापार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के साथ पारिवारिक विवादों को अदालत तक पहुंचने से पहले समाज के वरिष्ठ सदस्यों की मध्यस्थता से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान और काउंसलिंग, पंचकूला में आने वाले नए अग्रवाल परिवारों का समाज से परिचय तथा सदस्यों की शिकायतों और सुझावों के लिए हेल्पलाइन शुरू करने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है।
12 साल बाद मिल रहा नेतृत्व चुनने का मौका
जगमोहन गर्ग ने कहा कि अग्रवाल सभा के चुनाव 12 साल बाद हो रहे हैं। उन्होंने चुनाव करवाने की पहल के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और महापौर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय बाद समाज के लोगों को अपनी संस्था के लिए नेतृत्व चुनने का अवसर मिला है।
जगमोहन गर्ग ने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में सभा के साथ एक भी नया सदस्य नहीं जोड़ा गया। उन्होंने वादा किया कि चुने जाने पर सदस्यता प्रक्रिया दोबारा शुरू की जाएगी और अधिक से अधिक अग्रवाल परिवारों का संस्था में स्वागत किया जाएगा। उनका कहना था कि सभा को समाज के हर वर्ग के लिए सक्रिय बनाया जाएगा और सामाजिक कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
मुकेश बंसल ने पारदर्शिता को बताया प्राथमिकता
महासचिव पद के उम्मीदवार मुकेश बंसल ने कहा कि 12 साल बाद हो रहे चुनाव अग्रवाल समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं। मतदाताओं के पास ऐसा नेतृत्व चुनने का अवसर है, जो संस्था के विस्तार, वित्तीय पारदर्शिता और समाजसेवा के लिए प्रतिबद्ध हो। उन्होंने सदस्यता बढ़ाने और सभा की कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
प्रधान और महासचिव पद पर त्रिकोणीय मुकाबला
अग्रवाल सभा के चुनाव में प्रधान पद के लिए जगमोहन गर्ग, कैलाश मित्तल और अमित जिंदल मैदान में हैं। महासचिव पद के लिए मुकेश बंसल, बलदेव कुमार गोयल और मेघराज गर्ग चुनाव लड़ रहे हैं। वरिष्ठ उपप्रधान पद के लिए सुभाष सिंगला और चंद्रभान गोयल उम्मीदवार हैं। उपप्रधान पद पर नवराज मित्तल के निर्विरोध निर्वाचित होने की जानकारी जगमोहन गर्ग ने दी।
सभा के विभिन्न पदों पर बजरंग लाल सिंगला, राजीव गुप्ता, योगराज बंसल, एसपी गुप्ता, सतीश अग्रवाल, एचके गर्ग, सज्जन जिंदल, सतप्रकाश अग्रवाल, राकेश गोयल, दिनेश मित्तल, अतुल गर्ग, श्रवण सिंगला, मुकेश गोयल, अमित गोयल, राकेश गर्ग, भगवान दास गोयल, विकास भोजिया, भारत भूषण बंसल, मुकेश मित्तल, गौरव अग्रवाल, डॉ. राजेश मित्तल, घनश्याम दास गर्ग, टेक चंद सिंगला और प्रदीप गोयल, राज मित्तल,सतपरकाश अग्रवाल, भगवान दास मित्तल , डॉ बिंदल सहित उम्मीदवार और गणमान्य लोग मौजूद रहे ।
