बेटी की तरह तुलसी का विवाह रचाकर समाजसेवी सुशील शर्मा ने पेश की अनूठी मिसाल, तीन बार हुआ हिमाचली धाम का आयोजन

विक्रांत शर्मा ब्यूरो चीफ, मीडिया जंक्शन-/कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): जिला कांगड़ा के चामुखा में तुलसी विवाह का आयोजन बड़े ही धूमधाम और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। समाजसेवी सुशील शर्मा ने अपने परिवार सहित तुलसी कन्या का विवाह किसी बेटी की शादी की तरह पूरे धार्मिक एवं पारिवारिक संस्कारों के साथ संपन्न करवाया। इस अनूठे आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था की झलक दिखाई, बल्कि हिमाचली संस्कृति और परंपराओं को भी जीवंत कर दिया।
सुशील शर्मा ने बताया कि उनके घर में बेटी नहीं है, इसलिए उन्होंने तुलसी विवाह को अपनी बेटी के विवाह की तरह आयोजित करने का संकल्प लिया। विवाह की सभी रस्में पूरे उत्साह और पारंपरिक तरीके से निभाई गईं। पहले दिन मेहंदी की रस्म आयोजित हुई और इसके बाद पूरे गांव के लिए हिमाचली धाम की व्यवस्था की गई।
दूसरे दिन भगवान श्री शालिग्राम जी की बारात का आगमन हुआ। बारात में सैकड़ों श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं ने भाग लिया। बारात का गांववासियों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस अवसर पर कांगड़ी धाम के साथ रात्रि में भी हिमाचली धाम का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रकार विवाह समारोह में तीन समय पारंपरिक हिमाचली धाम परोसी गई।
नादौन के गांव भडोली भगौर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण गौ सेवा समिति की ओर से भगवान श्री शालिग्राम जी की बारात लेकर पहुंचे विनोद शास्त्री जी ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं संत शामिल हुए। विवाह मंडप में विधिवत धार्मिक रस्मों और मंत्रोच्चारण के बीच तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न हुआ। इसके बाद बारात रात्रि में अपने गौधाम के लिए रवाना हो गई।
समारोह के दौरान हिमाचली लोकगीतों और पारंपरिक संगीत की धूम रही। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। सुशील शर्मा एवं उनके परिवार द्वारा बेटी की तरह तुलसी विवाह की सभी रस्में निभाना श्रद्धा, संस्कार और सामाजिक समर्पण की एक सुंदर मिसाल बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *