मीडिया जंक्शन- विक्रांत शर्मा ब्यूरो चीफ/ पंचकूला। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर सामने आए एक विवादित संदेश को लेकर बनिया समुदाय में पैदा हुई नाराजगी आखिरकार खत्म हो गई। मामले को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पंचकूला अग्रवाल समाज के नवनियुक्त प्रधान जगमोहन गर्ग ने पहल की और दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर विवाद सुलझा दिया। इससे पहले जगमोहन गर्ग देर रात पूर्व पार्षद राजेश कालिया के घर भी पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपनी गलती के लिए माफी मांगने की बात कही थी।
गुरुवार दोपहर पंचकूला अग्रवाल भवन में आयोजित बैठक में राजेश कालिया और प्रेम गर्ग मौजूद रहे। दोनों ने कैमरे के सामने एक-दूसरे से माफी मांगते हुए स्पष्ट किया कि उनके मन में किसी के प्रति कोई दुर्भावना नहीं थी और न ही बनिया या वाल्मीकि समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा था। दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाकर पुराने गिले-शिकवे खत्म किए और भविष्य के राजनीतिक सफर के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
टाइपिंग की गलती से बिगड़ा मामला : जगमोहन गर्ग
जगमोहन गर्ग ने बताया कि पूरे मामले में आपसी बातचीत की कमी और संदेश में हुई टाइपिंग की गलतियों के कारण गलतफहमी पैदा हुई। प्रेम गर्ग की ओर से डाले गए संदेश का अर्थ अलग निकल गया, जिसे राजेश कालिया ने पूरे समुदाय से जोड़कर लिया और वीडियो जारी कर दिया। उन्होंने कहा कि बातचीत के जरिए दोनों पक्षों ने अपनी बात स्पष्ट कर दी है और अब इस विवाद को आगे बढ़ाने का कोई औचित्य नहीं है।
वहीं, चंडीगढ़ के पूर्व पार्षद सत्य प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि राजेश कालिया उनके छोटे भाई की तरह हैं। वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने व्यक्तिगत रूप से उनसे बात की थी, जिस पर राजेश कालिया ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगने की बात कही थी।
बैठक में राजेश कालिया ने प्रेम गर्ग से माफी मांगते हुए कहा कि अब कोई विवाद शेष नहीं है। प्रेम गर्ग ने भी मामले को यहीं समाप्त करने पर सहमति जताई। इस तरह सोशल मीडिया से शुरू हुआ विवाद आपसी बातचीत और सामाजिक पहल के जरिए सुलह पर समाप्त हुआ।
पूरे मामले को सुलझाने में पंचकूला अग्रवाल समाज के प्रधान जगमोहन गर्ग चंडीगढ़ से पूर्व पार्षद सत्य प्रकाश अग्रवाल , सतीश अग्रवाल, राकेश गोयल , विकास गुप्ता, अतुल गर्ग, सरवन कुमार , जय राजा गर्ग, गौतम मित्र सहित अन्य अनेक अग्रवाल बंधुओं ने भूमिका निभाई
