38 वर्षीय महिला को जटिल ब्रेन स्ट्रोक के बाद, फोर्टिस मोहाली में बाइप्लेन न्यूरो कैथलैब के जरिए किया सफल इलाज*

मीडिया जंक्शन- विक्रांत शर्मा ब्यूरो चीफ/ पंचकूला -: आमतौर पर स्ट्रोक को अधिक उम्र के लोगों से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन डॉक्टरों ने युवाओं को भी अचानक सामने आने वाले न्यूरोलॉजिकल लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि जानलेवा ब्रेन इमरजेंसी में तुरंत क्लीनिकल जांच और समय पर न्यूरो-इमेजिंग बेहद महत्वपूर्ण है।

हाल ही में 38 वर्षीय एक महिला को तेज सिरदर्द, उल्टी, शरीर के बाईं ओर अचानक कमजोरी, लड़खड़ाती आवाज और चेहरे का एक तरफ झुक जाने की शिकायत के बाद फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली में भर्ती कराया गया। जांच में महिला को जटिल हैमरेजिक स्ट्रोक (ब्रेन हेमरेज) होने की पुष्टि हुई। इस मामले का इलाज डॉ. प्रो. विवेक गुप्ता, एडीशनल डायरेक्टर, इंटरवेंशनल न्यूरोरेडियोलॉजी और डायरेक्टर, बाइप्लेन न्यूरो कैथलैब, फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली ने किया।

अस्पताल पहुंचने पर महिला की हालत गंभीर थी। न्यूरो-इंटरवेंशन टीम ने उसका आकलन किया और जांच के लिए बाइप्लेन न्यूरो कैथलैब में ले जाया गया। न्यूरोवैस्कुलर इमेजिंग से पुष्टि हुई कि महिला को मस्तिष्क की एक धमनी में एन्यूरिज्म फटने के कारण हैमरेजिक स्ट्रोक हुआ था। एन्यूरिज्म मस्तिष्क की धमनी में कमजोर स्थान पर गुब्बारे जैसी सूजन होती है, जिसके फटने पर मस्तिष्क के अंदर रक्तस्राव होने लगता है।

जांच के बाद डॉक्टरों ने स्टेंट-असिस्टेड कॉइलिंग प्रक्रिया के जरिए इलाज किया। यह एक न्यूनतम चीर-फाड़ वाली एंडोवैस्कुलर प्रक्रिया है, जिसमें फटी हुई धमनी के एन्यूरिज्म को बंद करके आगे रक्तस्राव होने से रोका जाता है। महिला की रिकवरी अच्छी रही और कुछ दिन बाद उसे बिना किसी शेष न्यूरोलॉजिकल परेशानी के अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

समय पर इमेजिंग और इलाज के महत्व पर बात करते हुए डॉ. प्रो. विवेक गुप्ता, एडीशनल डायरेक्टर, इंटरवेंशनल न्यूरोरेडियोलॉजी और डायरेक्टर, बाइप्लेन न्यूरो कैथलैब, फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली ने कहा कि हैमरेजिक स्ट्रोक की आपातकालीन स्थिति में मस्तिष्क की कार्यक्षमता को सुरक्षित रखने के लिए समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। जब मरीज अस्पताल पहुंची तो रक्तस्राव के स्थान का पता लगाने और आगे होने वाली जटिलताओं को रोकने के लिए तुरंत न्यूरोवैस्कुलर जांच जरूरी थी। बाइप्लेन न्यूरो कैथलैब में एक साथ सामने और बगल से एक्स-रे इमेजिंग की सुविधा से मस्तिष्क की रक्त वाहिकाओं की विस्तृत और त्रि-आयामी तस्वीरें प्राप्त करने में मदद मिली। इसके साथ ही प्रक्रिया से पहले और बाद की स्थिति का भी आकलन किया गया। ब्लड वैसल्स (रक्त वाहिकाओं) की इस स्पष्ट मैपिंग से न्यूनतम चीर-फाड़ वाली स्टेंट-असिस्टेड कॉइलिंग प्रक्रिया को सही तरीके से करने और फटे हुए एन्यूरिज्म को बंद करने में मदद मिली। इससे समय पर इलाज संभव हुआ और मरीज की न्यूरोलॉजिकल रिकवरी में भी सहायता मिली।

यह मामला इस बात को रेखांकित करता है कि तेज सिरदर्द, चेहरे का एक तरफ झुकना, शरीर के एक तरफ कमजोरी, बोलने में परेशानी, देखने में दिक्कत या बेहोशी जैसे चेतावनी के लक्षण अचानक सामने आने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए। डॉक्टरों के अनुसार, शुरुआती लक्षणों की पहचान, तेजी से बीमारी का पता लगाना और समय पर उपचार करना न्यूरोलॉजिकल इमरजेंसी में मरीज के बेहतर परिणामों के लिए बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *