मीडिया जंक्शन- विक्रांत शर्मा ब्यूरो/चेतन शर्मा/पंचकूला :
सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में चल रही नमो क्रिकेट लीग के सुपर नॉकआउट मुकाबलों में शुक्रवार को रोमांच चरम पर रहा। टीमों के बीच अगले दौर में जगह बनाने के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। लीग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में मोगा मेवरिक्स ने समालखा सुपरस्टार्स को पांच रन से हराया। समालखा सुपरस्टार्स की टीम 9 ओवर में 58 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में मोगा मेवरिक्स ने चार ओवर में 61 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। मोगा की जीत में आकाश दीप सिंह ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने चार विकेट हासिल किए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। हरदीप सिंह ने 34 रन बनाए।
इससे पहले खेले गए नॉकआउट मुकाबले में पंचकूला पैंथर्स ने देहरादून डेयरडेविल्स को आठ विकेट से शिकस्त दी। देहरादून ने 10 ओवर में आठ विकेट पर 123 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंचकूला पैंथर्स ने नौ ओवर में दो विकेट खोकर 127 रन बनाकर जीत हासिल की। मैन ऑफ द मैच रहे मनन शर्मा ने 63 रन की शानदार पारी खेली। गुरजंत ने दो विकेट लिए।
सुपर नॉकआउट के एक अन्य मुकाबले में जालंधर जगुआर्स ने रोहतक रॉयल्स को नौ विकेट से हराया। रोहतक की टीम 9 ओवर में 55 रन पर सिमट गई। जालंधर ने पांच ओवर में एक विकेट खोकर 58 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। कुलविंदर सिंह ने 20 रन बनाए, जबकि माही ने दो विकेट हासिल किए। मैन ऑफ द मैच नवी संसारपुर रहे।
वहीं, कैथल नाइट्स ने चंडीगढ़ चैंपियंस को एक रन से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। कैथल ने नौ ओवर में आठ विकेट पर 78 रन बनाए। चंडीगढ़ की टीम 10 ओवर में सात विकेट पर 77 रन ही बना सकी। विकास ने 36 रन बनाए, जबकि राजेश धुल ने चार विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की और मैन ऑफ द मैच रहे।
हिसार हीरोज ने नरायणगढ़ निन्जास को 28 रन से हराया। हिसार ने 10 ओवर में तीन विकेट पर 132 रन बनाए। जवाब में नरायणगढ़ की टीम 10 ओवर में आठ विकेट पर 104 रन ही बना सकी। उदेशय मान ने 55 रन की पारी खेली, जबकि अनिल कुमार धत्तरवाल ने तीन विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच दीपु किंग रहे।
इससे पहले नॉकआउट दौर में लुधियाना लायंस, सोनीपत स्पार्टन्स, समालखा सुपरस्टार्स, जिंद जगुआर्स, पानीपत पैंथर्स, नोएडा नाइट्स, कुरुक्षेत्र किंग्स, गुरुग्राम जायंट्स और मोगा मेवरिक्स सहित कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर अगले चरण में जगह बनाई है।
*आज भी होंगे अहम मुकाबले*
लीग के सुपर नॉकआउट चरण में शनिवार को ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में मुकाबलों का रोमांच जारी रहेगा। कार्यक्रम के अनुसार दोपहर दो बजे लुधियाना लायंस और पंचकूला पैंथर्स के बीच मुकाबला निर्धारित है। इससे पहले शुक्रवार रात आठ बजे गुरुग्राम जायंट्स और सोनीपत स्पार्टन्स तथा रात 10 बजे कुरुक्षेत्र किंग्स और नोएडा नाइट्स के बीच मुकाबले निर्धारित हैं। टूर्नामेंट में टीमों की नजरें अगले दौर में जगह बनाने पर टिकी हैं।
*******
