पंचकूला, (मीडिया जंक्शन- विक्रांत/सुरिंदर गोयल):-अग्रवाल वैश्य समाज, जिला पंचकूला की महिला इकाई द्वारा अग्रवाल भवन, सेक्टर-16 में आयोजित हरियाली तीज महोत्सव बड़े ही धूमधाम, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। लगभग 200 महिलाओं एवं 30 विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में आयोजित यह कार्यक्रम अपनी भव्यता, अनुशासित व्यवस्थाओं और महिला सशक्तिकरण की अनूठी मिसाल के कारण सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसकी संपूर्ण व्यवस्था महिलाओं ने स्वयं संभाली और किसी भी प्रकार का सहयोग पुरुषों से नहीं लिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गणेश की वंदना से हुई। नन्हे बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित सभी का मन मोह लिया। सभी प्रतिभागी बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सावन और तीज की पारंपरिक धुनों पर महिलाओं ने लोकगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा अग्रवाल भवन तालियों की गड़गड़ाहट और उल्लास से गूंज उठा।
महिलाओं ने एक-दूसरे का ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और आत्मीयता के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक दृश्य यह रहा कि प्रत्येक महिला का समान सम्मान किया गया। यहां न कोई छोटा था और न कोई बड़ा, सभी ने एक परिवार की तरह मिलकर हरियाली तीज का पर्व मनाया।
कार्यक्रम के दौरान सावन गीत प्रतियोगिता, सावन प्रश्नोत्तरी, डांस प्रतियोगिता, वेस्ट ड्रेस प्रतियोगिता तथा अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दो प्रतिभागियों को तीज क्वीन चुना गया, जिनका विशेष सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में सहयोगी संस्था सुंदर ज्वेलर्स द्वारा भी महिलाओं के लिए विशेष उपहारों की व्यवस्था की गई। उनकी ओर से लगभग 200 महिलाओं को आकर्षक उपहार भेंट किए गए। इसके अलावा सोलह श्रृंगार करके आई महिलाओं को भी विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रत्येक महिला को रिटर्न गिफ्ट प्रदान किया गया, वहीं सभी विशिष्ट अतिथियों का भी सम्मान कर उन्हें स्मृति-चिन्ह एवं उपहार भेंट किए गए।
महिलाओं के लिए स्वादिष्ट चाट, विविध व्यंजन एवं लजीज भोजन की विशेष व्यवस्था की गई, जिसका सभी ने भरपूर आनंद लिया। शाम 4 बजे प्रारंभ हुआ कार्यक्रम रात 9 बजे तक लगातार उत्साह, संगीत और आनंद के वातावरण में चलता रहा। कार्यक्रम के समापन तक किसी का भी घर जाने का मन नहीं हो रहा था।
इस अवसर पर अग्रवाल वैश्य समाज, जिला पंचकूला की अध्यक्ष प्रो. डॉ. साधना अग्रवाल ने अपनी टीम के साथ फिल्मी गीत “छोड़ेंगे ना हम तेरा साथ ओ साथी मरते दम तक” पर शानदार प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुति पर पूरा अग्रवाल भवन तालियों की गूंज से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता की धर्मपत्नी, महापौर श्याम लाल बंसल की धर्मपत्नी, भगवान दास मित्तल की धर्मपत्नी, जगमोहन गर्ग की धर्मपत्नी मनु गर्ग, अमित जिंदल की धर्मपत्नी गर्गी जिंदल, श्री कृष्ण कृपा परिवार की अध्यक्ष रूपाली जैन, पूर्व महापौर उपेंद्र अहलूवालिया तथा डॉ. पुनीत सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पुष्पवर्षा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की सफलता का श्रेय देते हुए प्रो. डॉ. साधना अग्रवाल ने पूरी आयोजन टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की एकजुटता, उत्साह और समर्पण ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार महिलाओं के लिए सांस्कृतिक, सामाजिक और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में महासचिव अंजना अग्रवाल, नीरू गोयल, आरती कंसल, सविता जैन एवं सविता गुप्ता सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में महासचिव अंजना अग्रवाल एवं नीरू गोयल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, सहयोगियों एवं महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार महिलाओं को एक मंच पर लाने वाले भव्य और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
हरियाली तीज महोत्सव में झूमीं महिलाएं, अग्रवाल भवन में गीत, संगीत, नृत्य और सम्मान का अनूठा संगम
