चंडीगढ़ ( मीडिया जंक्शन-/ विक्रांत शर्मा):-।मनीमाजरा के वार्ड नंबर 6 में इन दिनों बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से स्थानीय निवासी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। क्षेत्र में टूटी-फूटी सड़कें, पेयजल की अनियमित आपूर्ति और लगातार हो रही । बिजली कटौती लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभागों और नगर निगम को शिकायतें देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
क्षेत्र की मुख्य और आंतरिक सड़कें जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। सड़कों पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
वार्ड में पेयजल आपूर्ति भी अनियमित बनी हुई है। कई घरों में पानी का दबाव बेहद कम होने के कारण लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके अलावा हाल के दिनों में दूषित पानी की आपूर्ति की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिससे लोगों में स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं।
भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बार-बार वोल्टेज में उतार-चढ़ाव होने से घरों में लगे महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे नियमित रूप से सभी करों का भुगतान करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। क्षेत्र की आरडब्ल्यूए (RWA) और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले कुछ दिनों में सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति में सुधार और बिजली व्यवस्था को सुचारु नहीं किया गया, तो वार्डवासी नगर निगम कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
सामाजिक संस्था हिंद संग्राम परिषद् रजि के प्रमुख संगठन सचिव व चंडीगढ़ प्रधान बाबा अवतार सिंह सैणी के अलावा स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से जनहित को प्राथमिकता देते हुए इन समस्याओं का जल्द से जल्द स्थायी समाधान करने की अपील की है।
