आगरा में गूंजेगा सामाजिक न्याय का स्वर, छत्रपति शाहूजी महाराज जयंती पर जुटेंगे देशभर के प्रबुद्धजन: राजबीर सिंह भारतीय

 

चंडीगढ़/आगरा।(मीडिया/ जंक्शन- विक्रांत शर्मा):-

महान समाज सुधारक, शिक्षा के प्रबल समर्थक और सामाजिक न्याय के अग्रदूत राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (पंजीकृत) द्वारा 26 जुलाई (रविवार) को यूथ हॉस्टल, एमजी रोड, आगरा में दोपहर 12 बजे भव्य “प्रबुद्धजन शिखर वार्ता” का आयोजन किया जाएगा। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से बुद्धिजीवी, शिक्षाविद, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और संविधान प्रेमी एक मंच पर एकत्र होकर सामाजिक न्याय, शिक्षा, समान अवसर और संवैधानिक मूल्यों पर व्यापक विचार-विमर्श करेंगे।

महासभा के चंडीगढ़ प्रदेश संयोजक राजबीर सिंह भारतीय ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश बहादुर होंगे। राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अमरीक सिंह बंगड़ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे, जबकि राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रीना गावस्कर वाल्मीकि मुख्य वक्ता के रूप में सामाजिक न्याय, संविधान और समतामूलक समाज की अवधारणा पर अपने विचार रखेंगी।

राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज ने शिक्षा, आरक्षण, सामाजिक समानता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किए, वे आज भी भारतीय लोकतंत्र और संविधान की आत्मा को मजबूत करने वाले प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार वर्तमान समय में सामाजिक समरसता, समान अवसर और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।

उन्होंने कहा कि यह शिखर वार्ता केवल एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने, सामाजिक चेतना को मजबूत करने और नई पीढ़ी को समानता, बंधुत्व तथा लोकतांत्रिक आदर्शों से जोड़ने का एक राष्ट्रीय अभियान है। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं की भागीदारी, संवैधानिक अधिकारों तथा सामाजिक परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर मंथन किया जाएगा।

राजबीर सिंह भारतीय ने देशभर के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, विद्यार्थियों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर सामाजिक न्याय और संविधान की इस मुहिम को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

– ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा की 26 जुलाई को ‘प्रबुद्धजन शिखर वार्ता’, संविधान, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय पर होगा राष्ट्रीय मंथन

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *