वार्ड नं. 16, गांव बीड़ घग्गर में रोटरी क्लब चण्डीगढ़ मिड टाउन ने “हुनर वोकेशनल सेंटर” की दी सौगात

पंचकूला, (मीडिया जंक्शन- विक्रांत/चेतन शर्मा):- वार्ड नं. 16, गांव बीड़ घग्गर के लिए आज का दिन ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण रहा। समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी रोटरी क्लब चण्डीगढ़ मिड टाउन द्वारा क्षेत्र के युवाओं, बहनों एवं बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से “हुनर वोकेशनल सेंटर” का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ 51 कुंडीय हवन-पूजन के उपरांत वार्ड नं. 16 की पार्षद श्रीमती निर्मला देवी तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रीटा कालरा द्वारा संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रोटेरियंस, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बताया गया कि हुनर वोकेशनल सेंटर में क्षेत्र की बहनों, बेटियों एवं युवाओं के लिए कंप्यूटर, ब्यूटीशियन, स्टीचिंग, एंब्रॉयडरी एवं म्यूजिक सहित विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण कोर्स संचालित किए जाएंगे। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अन्य अध्ययन की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे युवाओं को शांत एवं बेहतर अध्ययन वातावरण मिल सकेगा।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब चण्डीगढ़ मिड टाउन की ओर से विशेष रूप से निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. संजय कालरा, श्री अशोक पुरी, नितिन जी ,श्रीमती रेनू चोपड़ा, श्री सुरेश धवन, श्री शशि चड्ढा, श्री रमेश बजाज, श्री अशोक शर्मा एवं श्री गुरुचरण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित वार्डवासियों ने रोटरी क्लब चण्डीगढ़ मिड टाउन का गांव को यह अमूल्य सौगात प्रदान करने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि यह केंद्र क्षेत्र के युवाओं, बहनों एवं बेटियों को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *