मीडिया जंक्शन- विक्रांत शर्मा/पंचकूला :- पंचकूला के आत्म ऑडिटोरियम, सेक्टर-1 में बिग डांस कॉम्पिटिशन सीज़न-2 का भव्य आयोजन बड़े उत्साह, उमंग और धूमधाम के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन न्यू स्टार डांस एकेडमी के संचालक गोपाल दुबे, दिशा मार्ग एवं न्यूज़ इंडिया 27 द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. पंकज कपूर ने शिरकत की। वहीं बॉलीवुड के जाने-माने डांसर एवं अभिनेता सुशांत पुजारी ने जज के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करने के साथ-साथ उनका उत्साहवर्धन भी किया।
प्रतियोगिता में नन्हे बच्चों से लेकर युवाओं तक के प्रतिभागियों ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास, जोश और मेहनत के साथ मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शानदार डांस मूव्स, बेहतरीन एक्सप्रेशन्स और आकर्षक कोरियोग्राफी ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम के आयोजक गोपाल दुबे ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। ऐसे आयोजन प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं और उनके आत्मविश्वास को मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने दिशा मार्ग एवं न्यूज़ इंडिया 27 का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों और सहयोग से इस आयोजन को भव्य रूप दिया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, मुख्य अतिथि, जज एवं सहयोगियों का भी धन्यवाद किया।
दिशा मार्ग एवं न्यूज़ इंडिया 27 की ओर से कहा गया कि बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजन समाज के लिए सराहनीय पहल हैं। नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है।
बिग डांस कॉम्पिटिशन सीज़न-2 की शानदार सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा को सही मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो हर कलाकार अपनी अलग पहचान बना सकता है। कार्यक्रम का समापन उत्साह, उमंग और यादगार पलों के साथ हुआ।
