पंचकूला।(मीडिया जंक्शन-/ विक्रांत शर्मा):-पंजाबी गायक अमर संधू का नया गीत ‘धी लाडली-2’ का मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव तरुण भंडारी ने पोस्टर रिलीज किया। उनके साथ अमर संधू, समाजसेवी बाबी सिंह एवं अन्य लोग उपस्थित थे। तरुण भंडारी एवं बाबी सिंह ने अमर संधू को बधाई दी। गाने की अभिनेत्री रिशिका राणा को भी सभी ने शुभकामनाएं दी। तरुण भंडारी ने कहा कि अमर संधू अपने गीतों के माध्यम से पंजाबी संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने बताया कि जहां आज कई कलाकार अलग-अलग विषयों पर गीत प्रस्तुत कर रहे हैं, वहीं अमर संधू ने माता-पिता के प्रति सम्मान और बच्चों के प्रेम को अपने गीतों का विषय बनाया है। इससे पहले भी उन्होंने पिता और बेटे के रिश्ते पर आधारित गीत प्रस्तुत किया था, जिसे श्रोताओं ने काफी सराहा। अब ‘धी लाडली-2’ के माध्यम से पिता और बेटी के अनूठे रिश्ते को भावनात्मक अंदाज में दर्शाया गया है।
बाबी सिंह ने कहा कि यह गीत एक बेटी के मन में अपने पिता के प्रति प्रेम, सम्मान और भावनाओं को बयां करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गीत लोगों को पारिवारिक रिश्तों की अहमियत समझाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देगा। इस मौके पर अमर संधू ने कहा कि उनका प्रयास हमेशा ऐसे गीत प्रस्तुत करने का रहता है जो मनोरंजन के साथ-साथ समाज को अच्छी सीख भी दें। उन्होंने बताया कि ‘धी लाडली-2’ उनके पिता के प्रति सम्मान और बेटियों के महत्व को समर्पित एक भावनात्मक प्रस्तुति है। कार्यक्रम के दौरान अमर संधू का सम्मान भी किया गया तथा उपस्थित लोगों ने गीत की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। तरुण भंडारी ने पंजाबी गायकों से अपील की कि वे अपनी संस्कृति, इतिहास और सामाजिक मूल्यों से जुड़े गीतों को बढ़ावा दें, ताकि युवाओं को सही दिशा मिल सके।
पिता और बेटी के अनमोल रिश्ते को दर्शाता है अमर संधू का नया गीत ‘धी लाडली-2’
