पंचकूला, (मीडिया जंक्शन- विक्रांत शर्मा/चेतन शर्मा):-
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने आज पंचकूला के एमडीसी सेक्टर-5 स्थित पार्क में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया एवं स्वच्छता मित्रों को पुष्प देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। इस मौके पर कालका विधायिका शक्ति रानी शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, नगर महापौर श्याम लाल बंसल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, जिला प्रभारी रवि बतान, जिला महामंत्री भवनजीत सिंह, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सुरेश वर्मा, पूर्व महापौर कुलभूषण गोयल, शिवालिक बोर्ड के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश देवीनगर, महिला मोर्चा कार्यकारी जिला अध्यक्ष अनुराधा पूरी, जिला मंत्री अमरेंद्र सिंह, अनुराधा वर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रमोद वत्स, स्थानीय पार्षद परमजीत कौर, पार्षद भारत हितैषी, भाजयुमो नेता हरविंदर गुर्जर सहित तमाम पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ.अर्चना गुप्ता ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया एक प्रेरणादायक अभियान है, जिसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए साथ ही पौधे की देखभाल का संकल्प भी लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक हालत के मद्देनज़र तेज़ी से बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग के दौर में यह अभियान और भी प्रासंगिक हो जाता है। उन्होंने कहा, भारतीय परंपरा और संस्कृति में प्रकृति के संरक्षण को अत्यधिक महत्व दिया गया है।
पौधरोपण कार्यक्रम के पश्चात डॉ. अर्चना गुप्ता ने पार्क परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया। उन्होंने स्वयं सफाई कार्य में भाग लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भी पौधरोपण किया और स्वच्छता अभियान में बढ़ चढ़ कर योगदान दिया साथ ही पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने का संकल्प भी लिया।
