वार्ड-12 को मॉडल वार्ड बनाने की तैयारी, विकास के 12 सूत्रों पर टिकी हजारों लोगों की उम्मीदें

पंचकूला, (मीडिया जंक्शन-/ विक्रांत):: नगर निगम पंचकूला की 16 जून को होने वाली सामान्य बैठक से पहले वार्ड नंबर-12 विकास की नई उम्मीदों के साथ चर्चा के केंद्र में आ गया है। वार्ड पार्षद राकेश जगोता द्वारा महापौर और नगर निगम आयुक्त को सौंपे गए 12 सूत्रीय एजेंडे ने क्षेत्र के विकास को लेकर नई बहस छेड़ दी है। यह एजेंडा केवल विकास कार्यों की सूची नहीं, बल्कि वार्ड-12 को एक आदर्श और आधुनिक वार्ड बनाने का खाका माना जा रहा है।

पार्षद ने वार्ड की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार किए हैं। इनमें आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से लेकर स्वच्छता, यातायात, पार्कों के रखरखाव और नागरिक सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल हैं। महापौर द्वारा भी वार्ड-12 को मॉडल वार्ड बनाने की दिशा में सकारात्मक सहमति जताए जाने से क्षेत्रवासियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

दशक भर से लंबित कम्युनिटी सेंटर फिर चर्चा में

वार्ड का सबसे बड़ा और लंबे समय से लंबित मुद्दा कम्युनिटी सेंटर का निर्माण है। करीब एक दशक से यह परियोजना फाइलों में अटकी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सामुदायिक भवन नहीं होने से सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए निजी स्थानों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। पार्षद ने इसे प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने की मांग उठाई है।

पार्कों के कायाकल्प पर जोर

वार्ड में मौजूद पार्कों की हालत सुधारने को लेकर भी कई प्रस्ताव रखे गए हैं। पार्कों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए नए बेंच, बच्चों के लिए आधुनिक झूले, क्षतिग्रस्त चारदीवारी की मरम्मत और वॉकिंग ट्रैक के पुनर्निर्माण की मांग की गई है। सेक्टर-4 गोलचक्कर स्थित प्रमुख पार्क को विशेष रूप से विकसित करने और उसका सौंदर्यीकरण करने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है।

व्यापार को बढ़ावा देने के लिए मल्टीलेवल पार्किंग की मांग

सेक्टर-11 फ्रंट शोरूम मार्केट में पार्किंग की कमी व्यापारियों और ग्राहकों दोनों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए यहां मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है। स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि इससे बाजार की गतिविधियों को नई गति मिलेगी और ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर होगी।

मानसून से पहले सीवरेज और सफाई व्यवस्था पर फोकस

बरसात के मौसम को देखते हुए पूरे वार्ड में विशेष सीवरेज सफाई अभियान चलाने, मशीनों के माध्यम से ब्लॉकेज की जांच करने और गांव हरिपुर की पुरानी पाइपलाइन बदलने की मांग की गई है। साथ ही सफाई कर्मचारियों और कचरा वाहनों की संख्या बढ़ाने, नियमित डीप क्लीनिंग और सार्वजनिक स्थानों पर अतिरिक्त डस्टबिन लगाने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है।

सुरक्षा और जनसुविधाओं को लेकर भी अहम प्रस्ताव

वार्ड में सार्वजनिक शौचालयों के आधुनिकीकरण और नए शौचालयों के निर्माण की मांग की गई है, ताकि महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को बदलकर पूरे क्षेत्र को डार्क जोन मुक्त बनाने और आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर प्रभावी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।

सड़कें बनेंगी विकास की नई राह

एजेंडे में सेक्टर-4 से गांव हरिपुर तक मुख्य सड़क के पुनर्निर्माण, हरिपुर की गलियों में नए पेवर ब्लॉक लगाने तथा पूरे वार्ड में सड़क मरम्मत और री-कार्पेटिंग कराने का प्रस्ताव शामिल है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इन कार्यों के पूरा होने से आवागमन आसान होगा और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान मिलेगा।

नगर निगम की बैठक में इन प्रस्तावों पर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर वार्ड-12 के हजारों निवासियों की निगाहें टिकी हुई हैं। यदि एजेंडे को मंजूरी मिलती है तो आने वाले समय में वार्ड-12 पंचकूला के सबसे विकसित और सुविधायुक्त क्षेत्रों में शामिल हो सकता है।

*वार्ड-12 के विकास एजेंडे के 12 प्रमुख प्रस्ताव*
कम्युनिटी सेंटर निर्माण कार्य शुरू किया जाए
पार्कों में नए बेंच और झूले लगाए जाएं
चारदीवारी और वॉकिंग ट्रैक का पुनर्निर्माण
सेक्टर-4 पार्क का सौंदर्यीकरण
सेक्टर-11 मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंग
सार्वजनिक शौचालयों का आधुनिकीकरण
मानसून से पहले विशेष सीवरेज सफाई अभियान
सफाई कर्मचारियों और कचरा वाहनों की संख्या बढ़े
अतिरिक्त डस्टबिन लगाए जाएं
पूरे वार्ड को डार्क जोन मुक्त बनाया जाए
आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान किया जाए
सेक्टर-4 से हरिपुर सड़क और गलियों का पुनर्निर्माण किया जाए।

@नगर निगम की बैठक में उठेंगे कम्युनिटी सेंटर, मल्टीलेवल पार्किंग, सड़क, सीवरेज और सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *