हिन्द संग्राम परिषद् नादौन इकाई की बैठक में 25 प्रार्थना पत्रों पर हुई चर्चा

आठ मामलों को मिली मंजूरी, जरूरतमंद परिवार के इलाज के लिए संस्था ने दी 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता

 

**नादौन, हिमाचल प्रदेश (मीडिया जंक्शन- चेतन शर्मा): प्रसिद्ध समाजसेवी संस्था हिन्द संग्राम परिषद् की नादौन इकाई, जिला हमीरपुर की बैठक वैरु ग्राम, डाकखाना पुतड़ियाल में पवन कुमार के प्रांगण में इकाई के चेयरमैन अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित वासुदेव शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक में संस्था की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा जरूरतमंद लोगों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अश्वनी शर्मा ने संस्था को प्राप्त प्रार्थना पत्रों को बैठक के समक्ष रखा। कुल 25 प्रार्थना पत्रों पर चर्चा की गई, जिनमें से जांच एवं विचार-विमर्श के बाद आठ प्रार्थना पत्रों को मंजूरी प्रदान की गई, जबकि शेष प्रार्थना पत्रों को निर्धारित पात्रता पूरी न होने के कारण अपात्र घोषित किया गया।

इस अवसर पर संस्था की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती आशा रानी ने कहा कि हिन्द संग्राम परिषद् की नादौन इकाई समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को मिलकर मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि निरंतर सेवा कार्यों के माध्यम से संस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाना परिषद् का उद्देश्य है।

दुर्घटना में घायल युवक की मदद के लिए बढ़ाया हाथ

बैठक के दौरान पवन कुमार के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए संस्था की ओर से मानवीय पहल की गई। बताया गया कि पवन कुमार का बेटा करीब दो वर्ष पहले एक दुर्घटना में घायल हो गया था, जिसके कारण उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई। परिवार पिछले करीब दो वर्षों से उसके इलाज के लिए अस्पतालों के चक्कर लगा रहा है और इलाज पर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद परिवार को अपेक्षित राहत नहीं मिल पाई है।

लगातार इलाज और खर्च के कारण परिवार पर काफी कर्ज हो गया है तथा वर्तमान में परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि दवाइयों के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। परिवार की स्थिति को देखते हुए हिन्द संग्राम परिषद् की ओर से युवक के इलाज के लिए 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित वासुदेव शर्मा ने परिवार की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार और ग्राम पंचायत से अपील की कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उसे जल्द से जल्द उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाए, ताकि युवक का इलाज आगे जारी रखा जा सके।

बैठक में प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती आशा रानी, प्रदेश प्रभारी सुदर्शन जरियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष के.एस. धीमान, प्रदेश सचिव विपिन कुमार, जिला अध्यक्ष विनोद कुमार कबर, सुमना देवी, अशोक कुमार, प्रवीण शर्मा, अभिषेक शर्मा, पवन चन्द, रेखा देवी, शोभा देवी, रितु शर्मा, जयन्ती शर्मा, विश्वनाथ, पूनम शर्मा, रघुवीर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *