पंचकूला (मीडिया जंक्शन-/ विक्रांत शर्मा):- । गांव में युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रखने तथा उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गठित कमेटी लंबे समय से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। ग्रामीणों के सहयोग से गांव में कुश्ती, योग एवं जिम के लिए एक हॉल का भी निर्माण करवाया गया है। कमेटी द्वारा इस हॉल की देखरेख की जाती है, जहां बच्चे नियमित रूप से खेल एवं व्यायाम का अभ्यास करते हैं।
मास्टर जगदीश जी की देखरेख में बच्चे कुश्ती, योग एवं अन्य खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। मास्टर जगदीश ने बताया कि वे अपनी प्रतिभा और अनुभव के आधार पर गांव के बच्चों को खेलों का प्रशिक्षण देते हैं। बच्चों को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाता है, ताकि उनका ध्यान नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा और खेलों की ओर केंद्रित रहे।
उन्होंने कहा कि गांव के युवाओं को खेलों से जोड़ना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
इस कमेटी में दलबीर, जसबीर, राजेश, मनदीप, काला, रमेश, वनीत, प्रदीप, सुरेश, राज सिंह, अनिल, वीरेंद्र, सोनू, जयभगवान, अजमेर, जोगेंद्र, भान, राजपाल, बिल्लू, सुनील, दीपक, मन्नू, गुरमीत, मोनू, वेदप्रकाश, जगमेन्द्र, राहुल, भोल्लू, पवन, सुरेश, अजय, कलवंत एवं रमेश सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
कमेटी के सदस्यों का उत्साह बढ़ाने के लिए डॉ. सुधीर खरब भी लगातार आगे आते रहे हैं। वे खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों का सम्मान कर उनका हौसला बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर गांव के सरपंच, पूर्व सरपंच, गणमान्य व्यक्तियों तथा ग्रामीणों के सहयोग से पौधारोपण भी किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि खेल गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किया गया यह प्रयास बच्चों और युवाओं को समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रयास, गांव में कमेटी कर रही सराहनीय कार्य
