स्व. केडी शर्मा की 84वीं जयंती पर 21वां मेमोरियल छात्रवृत्ति पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित, मेधावी विद्यार्थियों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिला सम्मान*

मीडिया जंक्शन- विक्रांत शर्मा ब्यूरो चीफ/ बादली:-
झज्जर जिले के बादली गांव के प्रसिद्ध समाजसेवी स्वर्गीय केडी शर्मा की 84वीं जयंती के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बादली में 21वें स्वर्गीय केडी शर्मा मेमोरियल छात्रवृत्ति पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। स्वर्गीय केडी शर्मा परिवार एवं समाचार क्यारी मीडिया समूह की ओर से शिक्षा, खेल और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करना रहा।

समारोह में दसवीं और आठवीं कक्षा में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ वर्षभर की शैक्षणिक, शारीरिक एवं खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ छात्र तथा श्रेष्ठ खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार, परिश्रम और सामाजिक जिम्मेदारियों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को समय पर प्रोत्साहन मिलने से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित होते हैं।

*मेधावी विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को मिला सम्मान*

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बादली की दसवीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जतिन पुत्र जयभगवान को नगद पुरस्कार, स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। दसवीं कक्षा में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले दीपांशु पुत्र सत्यप्रकाश को भी सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार आठवीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले वंश पुत्र सोनू वर्मा तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले उत्तम पुत्र अनार सिंह को नगद पुरस्कार, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। वर्षभर की शैक्षणिक, शारीरिक एवं खेल गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शुभम पुत्र ओमप्रकाश को सर्वश्रेष्ठ छात्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं आयुष और तन्मय को श्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में नगद राशि, स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए।

*शिक्षकों को भी किया सम्मानित*

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए स्वर्गीय केडी शर्मा परिवार एवं समाचार क्यारी मीडिया समूह की ओर से विद्यालय के शिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों के योगदान की सराहना की गई और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में उनके समर्पण को महत्वपूर्ण बताया गया।

समारोह में लैक्चरर सीमा रानी, निरुपमा, अनीता, मंजू, प्रदीप कुमार, शमशेर, महेंद्र, हर्ष, रवि कुमार एवं प्रदीप सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। समाचार क्यारी मीडिया समूह की ओर से राजेश कुमार, संजय शर्मा, सुनील कुमार, हिमांशु, रवि कुमार, देव कुमार, समे सिंह गुलिया, सूबेदार श्री भगवान गुलिया एवं नरेश कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

*हवन-यज्ञ एवं श्रद्धांजलि सभा में किया स्मरण*

स्वर्गीय केडी शर्मा की जयंती पर उनके पैतृक गांव बादली में परंपरानुसार हवन-यज्ञ एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन भी किया गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों, समाचार क्यारी मीडिया समूह के सदस्यों एवं मित्रों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने स्वर्गीय केडी शर्मा के जीवन, उनके सामाजिक योगदान और जनहित के कार्यों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। इसके उपरांत सभी ने सहभोज में प्रसाद ग्रहण किया।

दो दशकों से जारी है प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की परंपरा*

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय केडी शर्मा का जन्म 15 अक्टूबर 1942 को झज्जर जिले के बादली गांव में हुआ था। उन्होंने 18 जनवरी 2006 को अंतिम सांस ली। समाजसेवा के प्रति उनके समर्पण और शिक्षा के महत्व को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उनके परिवार एवं समाचार क्यारी मीडिया समूह द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने की परंपरा निरंतर जारी रखी गई है।

इस छात्रवृत्ति एवं सम्मान समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा दी जा रही है। स्वर्गीय केडी शर्मा की स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल मेधावी विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने का माध्यम है, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता, प्रतिभाओं के सम्मान और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *