मीडिया जंक्शन- विक्रांत शर्मा ब्यूरो चीफ/पंचकूला :
वार्ड नंबर 6 के नगर पार्षद श्री पार्थ गुप्ता एवं नगर निगम पंचकूला के आयुक्त श्री विनय कुमार ने आज सेक्टर-18 का व्यापक निरीक्षण कर क्षेत्र में उपलब्ध नागरिक सुविधाओं एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पार्कों एवं ग्रीन बेल्ट के रखरखाव, साफ-सफाई, सड़कों, स्ट्रीट लाइटों, जल निकासी तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। स्थानीय निवासियों ने भी अपनी समस्याओं एवं सुझावों से उन्हें अवगत करवाया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पार्षद पार्थ गुप्ता ने सेक्टर-18 मार्केट के निकट स्थित पार्क को मॉडल पार्क के रूप में विकसित करने के कार्य का स्थानीय निवासियों एवं वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति में भूमि पूजन कर विधिवत शुभारंभ करवाया। उन्होंने कहा कि इस पार्क को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित हरित स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी आयु वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकें।
पार्थ गुप्ता ने कहा कि सेक्टर-16, 17 एवं 18 में विकास एवं रखरखाव के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। नियमित क्षेत्रीय निरीक्षण का उद्देश्य समस्याओं की जमीनी स्थिति को समझना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पार्क केवल हरियाली के स्थान नहीं, बल्कि सामाजिक मेलजोल और स्वस्थ जीवनशैली के महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं। इसलिए वार्ड के पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
नगर निगम आयुक्त एवं पार्षद ने आश्वासन दिया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के साथ-साथ विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करवाया जाएगा।
इस अवसर पर सेक्टर-18 से श्री सुरेश चौधरी, श्री दीपक स्याल, श्री भाटिया सहित अनेक स्थानीय निवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
