पंचकूला, (मीडिया जंक्शन-/विक्रांत शर्मा/ वर्मा/चेतन):-
जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित अन्य वरिष्ठ वक्ताओं ने अलग-अलग विषयों पर कार्यकर्ताओं को कुल छः सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षित किया।
जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने सत्र की शुरुआत अपने अध्यक्षीय संबोधन से किया एवं प्रशिक्षण वर्ग के प्रस्तावना को कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रस्तुत किया। अजय मित्तल ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिन डॉ. पवन सैनी, प्रदेश पदाधिकारी डॉ. संजय शर्मा, जिला प्रभारी रवि बतान, विश्व हिंदू परिषद से लोकेश नागरू, प्रदेश पदाधिकारी डॉ. रिषिपाल मथाना रहे। सत्र की अध्यक्षता क्रमशः जिला सचिव अमरिंदर सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुरेश वर्मा, जिला सचिव राजकुमार शर्मा, जिला पदाधिकारी राजेंद्र नूनीवाल, जिला प्रवक्ता संजीव कौशल एवं जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने किया। प्रदेश नेतृत्व द्वारा प्रशिक्षण वर्ग के आयोजन के लिए प्रदेश पदाधिकारी डॉ. संजय शर्मा को वर्ग पर्यवेक्षक एवं पूर्व जिला अध्यक्ष अजय शर्मा को वर्ग प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है।
पहले दिन के अंतिम सत्र में बोलते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश सरकार की गरीब कल्याण योजना विषय पर विस्तार से अपना व्याख्यान दिया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहा है। प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुजरात का सीएम रहते नरेंद्र मोदी ने अपने काम के दम पर गुजरात को चमकने का काम किया और 2014 से लगातार नॉनस्टॉप देश के प्रधान सेवक के तौर पर देश की प्रगति और खुशहाली के लिए काम कर रहे हैं। नायब सिंह सैनी ने कहा, आज भारत दुनिया में चमक रहा है ये देखकर कांग्रेस बौखलाई हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 55 साल के शासन की तुलना में प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्ष के कार्यकाल में 5 गुना गति से विकास के काम हुए है। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए पारदर्शी ढंग से बायोमेट्रिक से फसल खरीदने का काम किया जा रहा है। हरियाणा के किसानों ने पैदावार बढ़ाकर रिकॉर्ड तोड़ा दिया है। कांग्रेस के शासनकाल में इलाज के लिए गरीब को अपने गहने बेचने पड़ते थे, पैसे के आभाव में लोगों को अपने बच्चों को गिरवी रखने पड़ते थे। हरियाणा के 2 करोड़ 80 लाख की आबादी में से डेढ़ करोड़ लोगों का आयुष्मान एवं चिरायु कार्ड बन चुका है, जिसमें 27 लाख लोगों ने अपना मुफ़्त इलाज करवाया है जिसके लिए अब तक चार हजार करोड़ रुपये डबल इंजन की सरकार ने इलाज के लिए दिये है। उन्होंने बताया कि भाजपा के 277 संकल्प में से कुल 63 संकल्प पहले ही वर्ष में ही पूरे कर लिए गए हैं, बाकी 154 संकल्पों पर तेज गति से काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि सभी सरकारी अस्पताल में मुफ़्त डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है। सीएम सैनी ने कहा कि उन्होंने शपथ ग्रहण से पहले ही युवाओं को पक्की नौकरी का ज्वाइनिंग लेटर दे दिया, ऐसा इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ। बहनों को ₹500 का गैस सिलेंडर दिया जा रहा है जिसके तहत अबतक 248 करोड रुपए खाते में ट्रांसफर किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार एमएसपी पर फसल खरीद रही है। बहनों को ₹2100 दिए जा रहे हैं, जिसके तहत पंद्रह सौ करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा चुके है। उन्होंने कहा, डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में अब तक प्रदेश के 10 जिला अस्पतालों में प्राइवेट अस्पतालों की तरह सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। अस्पतालों में पेंडिंग सर्जरी अब जीरो हो गई है। मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि यातायात की सुगमता एवं तत्काल सड़क मरम्मत के लिए हरियाणा के सभी सड़कों की जिओ फेंसिंग की जा चुकी है।
प्रशिक्षण वर्ग में नवाचार के तौर पर जिला संगठन द्वारा प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था की गई, जिसमें मिट्टी के घड़े में पानी, कांच के गिलास, कप, प्लेट इत्यादि का प्रयोग किया गया। नवाचार को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पहल पर राजीव कॉलोनी के वाल्मीकि मंदिर में स्थानीय निवासियों एवं प्रशिक्षण वर्ग के सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक भोज किया। प्रत्येक सत्र की शुरुआत वर्ग गीत के सामूहिक गायन से किया गया, जिला मीडिया प्रभारी के. चन्दन और युवामोर्चा की महिला नेत्री हिमांगी शर्मा ने वर्ग गीत का सामूहिक गायन करवाया। प्रशिक्षण वर्ग का संचालन जिला महामंत्री भवनजीत सिंह एवं जय कौशिक ने किया।
