चंडीगढ़ ( मीडिया जंक्शन-/ विक्रांत शर्मा):-
एम.सी.एम. डी.ए.वी. कॉलेज में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और भारतीय जीवन मूल्यों पर केंद्रित विविध प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर साहित्यकार करमचंद जी की पुस्तक ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का विधिवत लोकार्पण भी किया गया। मंच पर उपस्थित अतिथियों ने पुस्तक को भारतीय संस्कृति, विश्वबंधुत्व, मानवीय मूल्यों और अहिंसा की विचारधारा को समर्पित महत्वपूर्ण कृति बताया।
पुस्तक में मानवता, विश्व शांति, पारिवारिक मूल्यों तथा “नर सेवा ही नारायण सेवा” जैसे भारतीय आदर्शों को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में प्रस्तुत किया गया है। लेखक ने महात्मा बुद्ध, महात्मा गांधी तथा भारतीय ऋषि-मुनियों के विचारों के माध्यम से विश्व में आपसी प्रेम, संवाद और सहअस्तित्व का संदेश दिया है।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति सदैव “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को लेकर आगे बढ़ी है और आज के समय में ऐसे साहित्य की आवश्यकता और भी अधिक बढ़ गई है, जो समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करे।
कार्यक्रम में विभिन्न गणमान्य अतिथियों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों, विद्यार्थियों एवं सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
