चंडीगढ़, ( मीडिया जंक्शन- विक्रांत शर्मा/ रोशन लाल):-: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात PM के साथ” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस तथा युवा नेतृत्व वाले राष्ट्र निर्माण के राष्ट्रीय विजन से जोड़ना है।
मेरा युवा भारत, पंजाब की राज्य निदेशक सुश्री रश्मीत कौर, चंडीगढ़ के UT निदेशक श्री शिवधन शर्मा तथा हरियाणा के राज्य निदेशक श्री आकाश दीक्षित ने बताया कि 27 अगस्त 2026 को पंजाब, चंडीगढ़ एवं हरियाणा के प्रत्येक जिले के दो महाविद्यालयों में “खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थी एवं युवा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम से जुड़ेंगे तथा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का वर्चुअल संबोधन सुनेंगे। इसके पश्चात स्थानीय स्तर पर युवाओं के साथ संवाद एवं विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
राज्य निदेशकों ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें देश की खेल यात्रा, फिटनेस और युवा नेतृत्व वाले विकास से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय खिलाड़ियों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी रहेगी तथा युवाओं को अपने विचार, सुझाव और आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिलेगा।
युवा संवाद के दौरान चार प्रमुख विषयों—जिम्मेदार एवं नागरिक भावना से युक्त युवा; भविष्य के लिए तैयार युवा एवं कक्षा से परे कौशल; नई पीढ़ी के युवाओं के लिए स्वयंसेवा का नया स्वरूप; तथा MY Bharat को एक मजबूत मंच बनाना—पर युवाओं के विचार एवं सुझाव लिए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा तथा MY Bharat Suggestions Box के माध्यम से अपने सुझाव डिजिटल रूप से प्रस्तुत करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही Viksit Bharat Young Leaders Dialogue (VBYLD) 2027 Quiz के संबंध में भी युवाओं को जानकारी दी जाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान श्री विनय कुमार, जिला युवा अधिकारी, माय भारत चंडीगढ़; तथा श्री विक्रम सिंह, सहायक निदेशक, माय भारतपंजाब ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा एवं पंजाब, चंडीगढ़ तथा हरियाणा में इसकी तैयारियों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा की। इस अवसर पर श्री जय भगवान, क्षेत्रीय निदेशक, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), चंडीगढ़ सहित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), के अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन, युवाओं की सहभागिता तथा खेल एवं युवा विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की।
अधिकारियों ने कहा कि “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात PM के साथ” युवाओं को खेल, फिटनेस, स्वयंसेवा एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इस पहल के माध्यम से युवाओं के विचारों एवं सुझावों को मंच प्रदान करते हुए उन्हें विकसित भारत@2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
