पंचकूला/ (मीडिया जंक्शन- विक्रांत/चेतन,):– पंचकूला जिला की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अवैध बस्तियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा एक बड़े स्तर पर क्राइम एंड एन्क्रोचमेंट फ्री अभियान की शुरुआत की गई है। इस मुहिम के तहत शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़क किनारे अवैध तरीके से झुग्गी-झोंपड़ी और अस्थाई ठिकाने बनाकर रह रहे प्रवासियों तथा संदिग्ध लोगों का बारीकी से सत्यापन किया जा रहा है। पहचान सुनिश्चित करने के तुरंत बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सहयोग से इन सभी अवैध अड्डों को पूरी तरह से खाली करवाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि आज पंचकूला के सैक्टर-5 थाना क्षेत्र में यवनिका पार्क और परेड ग्राउंड के पास एक बड़ा अभियान चलाया गया। यहाँ एचएसवीपी के सहयोग से अवैध रूप से बनाई गई झुग्गियों को बुलडोजर की मदद से पूरी तरह से हटवाकर साफ करवा दिया गया। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने स्पष्ट किया कि संदिग्धों के सत्यापन के साथ-साथ शहर में जहाँ भी अवैध झुग्गी या अतिक्रमण मिलेगा, उस पर बुलडोजर की यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले और शांति भंग करने वाले तत्वों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पंचकूला की सुरक्षा और यहाँ के नागरिकों का अमन-चैन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
