मीडिया जंक्शन-/पंचकूला/विक्रांत शर्मा:-
मूल प्रवाह अखिल भारत नेपाली एकता समाज पंचकूला-(विक्रांत शर्मा/मिडिया जंक्शन:- डेराबस्सी नगर समिति के अंतर्गत महिला विभाग पंचकूला की ओर से नेपाली महिलाओं के महान पर्व हरितालिका तीज का भव्य आयोजन सेक्टर-10 स्थित सूद भवन में किया गया। कार्यक्रम में पंचकूला शहर से करीब सात हजार लोगों ने भाग लेकर नेपाली संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता की जीवंत झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचकूला-डेराबस्सी महिला विभाग की वरिष्ठ सदस्य कुमारी थापा ने की, जबकि उपस्थित लोगों एवं अतिथियों का स्वागत विमला खनाल ने किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्ण थापा ने किया। मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मूल प्रवाह केन्द्रीय सदस्य प्रेम आचार्य ने तरुण भंडारी का नेपाली ढाका टोपी एवं साल भेंट कर स्वागत किया। महिला विभाग की संयोजक माया आचार्य सहित विभाग के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ देकर अतिथि का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तरुण भंडारी ने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने आपदा की घड़ी में नेपाल को आर्थिक, नैतिक और भौतिक सहयोग दिया है और भविष्य में भी भारत नेपाल के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से भी जो संभव सहायता होगी, उसके लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने 5 अक्टूबर के बाद आपदा प्रभावित घटनास्थल का दौरा करने की बात भी कही।
मूल प्रवाह अखिल भारत नेपाली एकता समाज के केंद्रीय सदस्य प्रेम आचार्य ने हरितालिका तीज के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। पंचकूला-डेराबस्सी नगर समिति के अध्यक्ष काजीमान राई ने भी अपने विचार रखे। वहीं महिला विभाग एवं सुदूरपश्चिम उत्तर क्षेत्रीय संयोजक माया आचार्य ने नेपाली महिलाओं के लिए हरितालिका तीज के महत्व को विस्तार से बताया।
हरितालिका तीज के अवसर पर पारंपरिक नेपाली वेशभूषा में सजी महिलाओं ने गीत और नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया। हजारों किलोमीटर दूर अपने देश से रहकर भी महिलाओं ने अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखते हुए एकता, सद्भाव और सहिष्णुता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सबकी सेवा रब की सेवा चैरिटेबल की ओर से भवन परिसर के बाहर लंगर भी लगाया गया। संस्था के अध्यक्ष जयराम सिंगला और उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता सहित अन्य लोगों ने सेवा में योगदान दिया। इस दौरान कृष्ण गर्ग ने 2100 रुपये की सहयोग राशि देकर सेवा कार्य की शुरुआत की।
महिला विभाग पंचकूला-डेराबस्सी को उत्कृष्ट सेवा एवं बेहतर प्रबंधन के लिए अंजु होनिहार को सम्मानित किया गया। महिला विभाग की संयोजक माया आचार्य ने खादा पहनाकर उनका सम्मान किया और आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मंजु चंदेल के प्रति भी विशेष आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में हजारों लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों ने मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। साथ ही बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की आर्थिक मदद के लिए सहयोग की अपील भी की गई।
आयोजकों के अनुसार हरितालिका तीज कार्यक्रम को तीन चरणों—प्रार्थना सभा, श्रद्धांजलि सभा और तीज समारोह के समापन पर पुनः प्रार्थना सभा— के माध्यम से संपन्न किया गया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ-साथ मानवीय संवेदना, सामाजिक एकता और नेपाल के आपदा प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया।
सात हजार लोगों की मौजूदगी में गूंजा तीज का उल्लास, नेपाल आपदा पीड़ितों के लिए उठे मदद के हाथ
