पंचकूला, (मीडिया जंक्शन- विक्रांत शर्मा/चन्दन):-
आगामी 17 जुलाई को जींद के हुडा ग्राउंड में आयोजित होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘विकसित हरियाणा विकसित भारत’ रैली का सजीव प्रसारण पंचकूला सेक्टर 5 स्थित इंद्रधनुष सभागार में सुबह नौ बजे से किया जायेगा। भाजपा जिला मुख्यालय पंचकमल में रैली की तैयारियों को लेकर जिला अध्यक्ष अजय मित्तल की अध्यक्षता में एक महत्त्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला प्रभारी रवि बतान, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, नगर महापौर श्याम लाल बंसल, रैली के पंचकूला जिला संयोजक एवं पूर्व स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता, पूर्व महापौर कुलभूषण गोयल, कालका नगर परिषद चेयरमैन कृष्ण लांबा, जिला महामंत्री भवनजीत सिंह सूदन, जय कौशिक सहित जिला पदाधिकारी, मंडल एवं मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री एवं पार्षद उपस्थित रहे।
जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जींद रैली को पूरी तरह “इको-फ्रेंडली रैली” बनाया जाएगा। ज़िले के कार्यकर्ताओ एवं आम नागरिको को पंचकूला सेक्टर 5 के इंद्रधनुष सभागार में पहुंचाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों, ईवी कार, ईवी रिक्शा की व्यवस्था की गयी है, साथ ही युवाओं की टोली साइकिल के माध्यम से वर्चुअल रैली में बड़ी संख्या में भाग लेगी।
अजय मित्तल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को जींद से हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिसका सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी का हरियाणा के साथ आत्मीय जुड़ाव एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रति विशेष स्नेह है। जींद की यह रैली प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, मोर्चों, मंडलों के अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों एवं जिला वासियों से अधिक से अधिक संख्या में इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से वर्चुअल रैली में पहुंचने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान जिला प्रभारी रवि बतान ने डिजिटल प्रशिक्षण अभियान तथा मासिक बैठकों के नियमित आयोजन के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए तकनीक आधारित कार्यप्रणाली तथा नियमित संवाद आवश्यक है।
